राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान की सरस काव्य गोष्ठी सम्पन्न

लखनऊ, उजाला सिटी। राज्य कर्मचारी साहित्य संस्थान के तत्वावधान में विधान भवन स्थित संस्थान कार्यालय में सरस काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. शोभा दीक्षित ‘भावना’ ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। वाणी वंदना चन्द्र देव दीक्षित ‘चन्द्र’ ने प्रस्तुत की तथा कार्यक्रम का संचालन पूर्णिमा बेदार श्रीवास्तव ने किया।

काव्य गोष्ठी में रचनाकारों ने अपनी विविध विधाओं की रचनाओं का पाठ किया। इस दौरान डॉ. सीमा गुप्ता ने ‘आज इजहार कर लिया मैंने, आप से प्यार कर लिया मैंने’ पंक्तियों के माध्यम से प्रेम भाव व्यक्त किया।

डॉ. शोभा दीक्षित ‘भावना’ ने ‘मन बरसाना हो गया, तन वृन्दावन धाम। गोकुल मेरी भावना, आओ मेरे श्याम’ के माध्यम से भक्ति रस की अभिव्यक्ति की।

डॉ. उमेश ‘आदित्य’ ने रिश्तों में बदलते मूल्यों और स्वार्थ पर अपनी रचना प्रस्तुत की। चन्द्र देव दीक्षित ‘चन्द्र’ ने प्रेम की अनुभूतियों को शब्द दिए। रामराज भारती ने शिव भक्ति पर आधारित रचना सुनाई। श्रवण कुमार ने जीवन में उम्मीद और नए रास्तों की तलाश का संदेश दिया।

रेनू वर्मा ‘रेणु’ ने आत्मसम्मान और व्यक्तित्व की स्वतंत्रता को दर्शाती कविता प्रस्तुत की। डॉ. सुधा मिश्रा ने जीवन और लेखन के संबंधों को अपनी रचना में अभिव्यक्त किया। पूर्णिमा बेदार श्रीवास्तव ने त्याग और मर्यादा पर आधारित रचना प्रस्तुत की।

इनके अतिरिक्त डॉ. हरि प्रकाश अग्रवाल ‘हरि’, डॉ. सी.पी. शर्मा, सुरेन्द्र शर्मा, उपेन्द्र, आदित्य तिवारी एवं अखिलेश त्रिवेदी ‘शाश्वत’ ने अपने गीत, गजल, छंद, कविताओं एवं वक्तव्यों की प्रस्तुति दी। रचनाकारों की प्रस्तुतियों से गोष्ठी साहित्यिक रंगों से सराबोर रही।

कार्यक्रम के अंत में संस्थान के उपाध्यक्ष डॉ. उमेश वर्मा ‘आदित्य’ ने धन्यवाद ज्ञापित किया।