कांग्रेस हर बूथ पर तैनात करेगी ‘वोट रक्षक’, मतदाता सूची में गड़बड़ी रोकने का अभियान तेज

भाजपा पर आस्था का इस्तेमाल वोट बैंक की राजनीति के लिए करने का आरोप

झांसी, उजाला सिटी। कांग्रेस के ‘लोक हुंकार जनसंवाद’ कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं में उत्साह भरने झांसी पहुंचे राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि कांग्रेस प्रदेश के प्रत्येक बूथ पर ‘वोट रक्षक’ तैयार करेगी। इनकी जिम्मेदारी होगी कि किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे और किसी अपात्र व्यक्ति का नाम सूची में शामिल न हो।

पत्रकारों से बातचीत में राजेंद्र पाल गौतम ने आरोप लगाया कि भाजपा और चुनाव आयोग की मिलीभगत से मतदाता सूचियों में गड़बड़ी की जा रही है। ऐसी अनियमितताओं को रोकने के लिए कांग्रेस ने प्रदेशभर में ‘वोट बचाओ, देश बचाओ, संविधान बचाओ’ अभियान शुरू किया है।

उन्होंने बताया कि झांसी में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन के माध्यम से बूथ स्तर पर वोट रक्षकों को जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। आगामी 26 नवंबर, संविधान दिवस के अवसर पर प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा और तहसील में मार्च निकालकर महात्मा गांधी अथवा डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा के समक्ष संविधान की शपथ ली जाएगी। इसके साथ ही गांव-गांव में चौपाल आयोजित कर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ने भाजपा पर धार्मिक आस्था का राजनीतिक इस्तेमाल कर उसे वोट बैंक में बदलने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आस्था का सम्मान करती है और विकास की राजनीति में विश्वास रखती है। जनता भाजपा की राजनीति को समझ चुकी है और उसे माफ नहीं करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस आगामी चुनाव सरकार बनाने के लक्ष्य के साथ लड़ेगी।