ए.पी. सेन कॉलेज में दीपावली उत्सव पर मिलेट्स आधारित पौष्टिक व्यंजनों की प्रदर्शनी, छात्राओं ने दिया स्वस्थ जीवनशैली का संदेश

लखनऊ, उजाला सिटी। ए.पी. सेन गर्ल्स मेमोरियल डिग्री कॉलेज, लखनऊ में दीपावली के अवसर पर गृह विज्ञान विभाग एवं मानव विज्ञान विभाग के संयुक्त तत्वावधान में “दीपावली उत्सव एवं मिलेट्स आधारित पौष्टिक आहार” विषय पर कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम का उद्देश्य दीपावली के त्योहार को स्वास्थ्य एवं पोषण जागरूकता से जोड़ना तथा दैनिक आहार में मिलेट्स (श्रीअन्न) को शामिल करने के प्रति छात्राओं को जागरूक करना था।

कार्यक्रम का आयोजन महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया। इस अवसर पर छात्राओं ने मिलेट्स एवं अन्य पौष्टिक खाद्य सामग्रियों से विभिन्न स्वादिष्ट और स्वास्थ्यवर्धक व्यंजन तैयार किए। इनमें रागी इडली, ज्वार ढोकला, चिया सीड्स पुडिंग, रागी फ्रूट कप, अमरूद पानीपुरी, भेल चाट एवं मखाना भेल चाट प्रमुख रहे।

कार्यक्रम में रागी, ज्वार सहित विभिन्न मोटे अनाजों के पोषण संबंधी महत्व पर चर्चा की गई। बताया गया कि मिलेट्स फाइबर, खनिज एवं अन्य पोषक तत्वों के अच्छे स्रोत हैं। इन्हें संतुलित आहार में शामिल करने से बेहतर पोषण और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा मिल सकता है।

इस अवसर पर रंगोली, पोस्टर मेकिंग एवं दीया निर्माण प्रतियोगिताओं का भी आयोजन किया गया। पोस्टर प्रतियोगिता में छात्राओं ने संतुलित आहार, पोषण जागरूकता एवं मिलेट्स के महत्व से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए। वहीं रंगोली और दीया निर्माण के माध्यम से छात्राओं ने अपनी कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त सिटी मजिस्ट्रेट प्रदीप कुमार विमल उपस्थित रहे। उन्होंने कार्यक्रम की संयोजिका डॉ. दीपशिखा अवस्थी, शैल्की गुप्ता, सबा एवं छात्राओं के प्रयासों की सराहना की। प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव ने कम समय में कार्यक्रम को सफलतापूर्वक आयोजित करने के लिए शिक्षकों को बधाई दी और उनका उत्साहवर्धन किया।

कार्यक्रम के माध्यम से छात्राओं ने यह संदेश दिया कि त्योहारों की खुशियों के साथ स्वास्थ्य और पोषण को भी महत्व दिया जाना चाहिए। इस दीपावली श्रीअन्न को अपने भोजन का हिस्सा बनाकर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लें।