अमरावती स्पोर्ट्स सिटी पहुंचीं भारतीय महिला क्रिकेट खिलाड़ी प्रतीका रावल, युवा खिलाड़ियों से साझा किए अनुभव

लखनऊ, उजाला सिटी|भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ी प्रतीका रावल ने अमरावती स्पोर्ट्स सिटी का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने स्पोर्ट्स सिटी की क्रिकेट अकादमी के युवा खिलाड़ियों से मुलाकात की और अपने क्रिकेट करियर से जुड़े अनुभव साझा किए। उन्होंने खिलाड़ियों को क्रिकेट की तकनीक, खेल के अनुशासन और निरंतर अभ्यास के महत्व के बारे में जानकारी दी।

प्रतीका रावल ने अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में उपलब्ध खेल सुविधाओं, प्रशिक्षण व्यवस्था और कोचिंग की सराहना की। उन्होंने कहा कि किसी भी खिलाड़ी के विकास में बेहतर खेल वातावरण, नियमित अभ्यास और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन महत्वपूर्ण होता है।

इस अवसर पर प्रतीका रावल ने कहा, "युवा खिलाड़ियों के बीच आकर उनसे बातचीत करना मेरे लिए अच्छा अनुभव रहा। यहां खिलाड़ियों में सीखने और आगे बढ़ने का उत्साह दिखाई देता है। अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में उपलब्ध सुविधाएं और प्रशिक्षण का माहौल अच्छा है। मुझे उम्मीद है कि यहां से कई खिलाड़ी आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे।"

अमरावती स्पोर्ट्स सिटी के फाउंडर एवं अध्यक्ष रजनीकांत मिश्रा ने कहा, "प्रतीका रावल का अमरावती स्पोर्ट्स सिटी में स्वागत करना हमारे लिए खुशी की बात है। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर देश का प्रतिनिधित्व करने वाली खिलाड़ी से सीधे संवाद करना युवा क्रिकेटरों के लिए उपयोगी है। हमारा प्रयास है कि खिलाड़ियों को बेहतर खेल सुविधाएं, आधुनिक प्रशिक्षण व्यवस्था और अनुभवी कोचों का मार्गदर्शन मिले, जिससे वे अपनी प्रतिभा को निखार सकें और आगे बढ़ने के अवसर प्राप्त कर सकें।"

उल्लेखनीय है कि प्रतीका रावल ने 2025 आईसीसी महिला वनडे विश्व कप में भारत की खिताबी जीत में महत्वपूर्ण योगदान दिया था। उन्होंने टूर्नामेंट के सात मैचों में 308 रन बनाए थे और न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक लगाया था।

प्रतीका रावल का यह दौरा अमरावती स्पोर्ट्स सिटी की क्रिकेट अकादमी के युवा खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के अनुभवों से परिचित कराने और उन्हें बेहतर प्रदर्शन के लिए तैयार करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल रहा।