उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
12/10/2026
लखनऊ, उजाला सिटी। प्रथम नवरात्रि के पावन अवसर पर इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (रजि.) द्वारा संचालित सेवा प्रकल्प बृज की रसोई की ओर से आशियाना में सेवा एवं सामाजिक समरसता पर आधारित आयोजन किया गया। बाबा नीम करौली जी की कृपा और मां दुर्गा की आराधना के भाव के साथ आयोजित इस कार्यक्रम में करीब दो हजार जरूरतमंदों एवं श्रद्धालुओं ने महाप्रसाद ग्रहण किया।
इस अवसर पर चना-आलू, चावल, मिष्ठान में बूंदी तथा फल के रूप में केले का वितरण किया गया। सेवा अभियान में समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों ने सहभागिता करते हुए जरूरतमंदों को भोजन उपलब्ध कराया। आयोजन का उद्देश्य केवल भोजन वितरण तक सीमित न रहकर मानव सेवा, समानता, गरिमा और सामाजिक सहभागिता की भावना को मजबूत करना रहा।
संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने कहा कि भूखे को भोजन कराना मानवता की सबसे सहज और सार्थक सेवा है। बिना किसी भेदभाव के जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाना समानता, बंधुत्व और मानवीय गरिमा के संवैधानिक मूल्यों को साकार करने का प्रयास है। बृज की रसोई का संकल्प है कि सेवा किसी एक दिन तक सीमित न रहे, बल्कि निरंतर सामाजिक दायित्व के रूप में आगे बढ़े। इसी उद्देश्य से संस्था प्रत्येक रविवार को सेवा दिवस के रूप में जरूरतमंदों को निःशुल्क भोजन उपलब्ध करा रही है।
आयोजन के दौरान बच्चों, बुजुर्गों, श्रमिकों और अन्य जरूरतमंद लोगों को भोजन वितरित किया गया। महाप्रसाद ग्रहण करने पहुंचे लोगों में उत्साह और प्रसन्नता देखने को मिली। कार्यक्रम ने सेवा, सहयोग और सामाजिक एकजुटता का संदेश दिया।
इस सेवा अभियान के सफल संचालन में जालिम सिंह, संजय श्रीवास्तव, बलवंत सिंह, आशीष श्रीवास्तव, रोहित साहू, आनंद मिश्रा, दीपक भुटियानी, विकास पाण्डेय, सत्यम वर्मा, अनुराग दुबे, मुकेश कनौजिया सहित अनेक स्वयंसेवकों ने सक्रिय सहभागिता निभाई।
संस्था की ओर से कहा गया कि जब समाज का सक्षम वर्ग जरूरतमंदों के साथ खड़ा होता है, तब सेवा सामाजिक परिवर्तन का प्रभावी माध्यम बनती है। बृज की रसोई इसी भावना के साथ निरंतर जरूरतमंदों तक भोजन पहुंचाने और समाज में सेवा एवं समरसता की संस्कृति को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है।