उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
05/10/2026
लखनऊ,उजाला सिटी। बहुचर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करौली महाराज का किरदार निभाने वाले अभिनेता शोभित सत्या के परिजनों को कायस्थ परिवार द्वारा सम्मानित किया गया। रविवार को आईआईएम रोड स्थित महर्षि विद्या मंदिर में आयोजित स्वागत एवं सम्मान समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन एवं चित्रगुप्त आरती-स्तुति के साथ हुआ।
कार्यक्रम में महर्षि विद्या मंदिर के प्रबंधक अनूप श्रीवास्तव, कार्यक्रम संयोजक शेखर कुमार, उमेश कुमार श्रीवास्तव, वीरेंद्र सक्सेना, आलोक श्रीवास्तव, मुनेन्द्र प्रसाद, सुनीता श्रीवास्तव, शम्भू शरण, रितु, एडवोकेट कीर्ति श्रीवास्तव, शैलेन्द्र कुमार, राजेश श्रीवास्तव, अतुल श्रीवास्तव, राकेश रंजन सहित बड़ी संख्या में कायस्थ परिवार के लोग उपस्थित रहे।
अनूप श्रीवास्तव ने मुख्य अतिथियों में शामिल शोभित सत्या की नानी कुसुम श्रीवास्तव, पिता सत्येंद्र श्रीवास्तव, माता लक्ष्मी श्रीवास्तव और बहन उन्नति श्रीवास्तव सहित उनके मामा-मामी, मौसा-मौसी एवं अन्य परिजनों को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र एवं तुलसी का पौधा देकर सम्मानित किया। उन्होंने शोभित सत्या की उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम संयोजक शेखर कुमार ने कहा कि यह पहला ऐसा कार्यक्रम है, जिसमें विश्व चर्चित फिल्म ‘हनुमान अंश’ में बाबा नीम करौली महाराज की भूमिका निभाने वाले शोभित सत्या के परिवार की तीन पीढ़ियों की उपस्थिति रही। उन्होंने बताया कि शोभित सत्या ने पांच बार वर्चुअल माध्यम से कार्यक्रम में अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। व्यक्तिगत रूप से उपस्थित न हो पाने पर उन्होंने खेद व्यक्त किया और कार्यक्रम में बड़ी संख्या में शामिल हुए कायस्थ परिवार के लोगों का आभार जताया।
शेखर कुमार ने जनवरी 2027 में शोभित सत्या की विशेष उपस्थिति में एक विशाल जनसभा आयोजित करने की घोषणा भी की। इस प्रस्ताव पर कार्यक्रम में उपस्थित कायस्थ परिवार के सदस्यों एवं अतिथियों ने अपनी सहमति व्यक्त की।
कार्यक्रम का संचालन शेखर कुमार ने किया।