उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
03/10/2026
लखनऊ,उजाला सिटी। 20 यूपी गर्ल्स बटालियन की इकाई ए.पी. सेन मेमोरियल गर्ल्स डिग्री कॉलेज में महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर ‘स्वच्छता ही सेवा’ कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया। कार्यक्रम महाविद्यालय की प्राचार्या प्रोफेसर रचना श्रीवास्तव की अध्यक्षता एवं सीटीओ मनीषा कुमारी के निर्देशन में आयोजित हुआ।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं एवं एनसीसी कैडेट्स में स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण का संदेश जन-जन तक पहुंचाना था।
इस अवसर पर एनसीसी कैडेट्स ने स्लोगन लेखन, पोस्टर निर्माण एवं रंगोली प्रतियोगिता में उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया। स्लोगन और पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता अपनाने, सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने तथा स्वच्छता को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने का संदेश दिया गया। रंगोली के माध्यम से भी स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण से जुड़े संदेश प्रस्तुत किए गए।
इसके बाद कैडेट्स ने कॉलेज परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर विभिन्न स्थानों की साफ-सफाई की। अभियान में कैडेट्स ने अनुशासन और उत्साह के साथ भाग लिया तथा परिसर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के माध्यम से कैडेट्स में स्वच्छता, सामाजिक उत्तरदायित्व, सेवा भावना और सामूहिक सहभागिता की भावना को बढ़ावा मिला। कार्यक्रम का समापन स्वच्छता को निरंतर बनाए रखने और आसपास के लोगों को भी इसके प्रति जागरूक करने के संकल्प के साथ हुआ।