उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
18/11/2026
लखनऊ, उजाला सिटी। पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती की पूर्व संध्या पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मुख्यालय, नेहरू भवन, माल एवेन्यू में महिला सम्मान दिवस मनाया गया। उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के अध्यक्ष डॉ. प्रमोद कुमार पाण्डेय के संयोजकत्व में आयोजित कार्यक्रम में चिकित्सा, मीडिया, विधि, साहित्य, अभियंत्रण, सांस्कृतिक, सामाजिक एवं राजनीतिक क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 100 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विचार गोष्ठी का भी आयोजन हुआ।
वक्ताओं ने इंदिरा गांधी के व्यक्तित्व एवं कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उन्होंने न केवल भारत, बल्कि वैश्विक राजनीति की दिशा और दशा को प्रभावित किया। बचपन में वानर सेना के माध्यम से देशसेवा और संघर्ष की भावना से जुड़ने से लेकर जीवन के अंतिम क्षण तक भारत और भारतीयता उनके जीवन का अभिन्न हिस्सा रहे। वक्ताओं ने अप्रैल 1984 में अंतरिक्ष यात्री राकेश शर्मा से बातचीत के दौरान इंदिरा गांधी द्वारा पूछे गए सवाल ‘अंतरिक्ष से भारत कैसा दिखाई देता है’ और राकेश शर्मा के जवाब ‘सारे जहां से अच्छा’ का उल्लेख करते हुए वर्तमान राजनीतिक नेतृत्व पर कटाक्ष किया। उन्होंने कहा कि तत्कालीन प्रधानमंत्री के सवाल और जवाब आज की राजनीति की सोच एवं दृष्टिकोण को प्रतिबिंबित करते हैं।
कार्यक्रम में महिला सशक्तीकरण की दिशा में उत्तर प्रदेश कांग्रेस सेवादल के प्रयास की सराहना की गई। आयोजन का मंच पूरी तरह महिलाओं को समर्पित रहा। सम्मानित महिलाओं ने अपने विचार रखते हुए आर्थिक, सामाजिक एवं राजनीतिक परिस्थितियों पर खुलकर अपनी बात रखी। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तीकरण को लेकर मंचों से बड़े-बड़े दावे किए जाते हैं, लेकिन वास्तविकता में आज भी महिलाओं की सुरक्षा एक गंभीर चुनौती बनी हुई है।
कार्यक्रम में 100 से अधिक महिलाओं को शॉल, मोती की माला एवं पुष्पगुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
सम्मानित होने वाली महिलाओं में डॉ. अमृता लुम्बानी, डॉ. तबस्सुम खान, सतरूपा पाण्डेय, काविश अजिस लेनिन, प्रतिभा भारद्वाज, दिव्या श्रीवास्तव, मुकुल मिश्रा, श्रुति गुप्ता, चांदनी गुप्ता वैदिका, मंजू श्रीवास्तव, अरशाना अजमत, डॉ. गीता शुक्ला, अमिता पारूल, शालिनी श्रीवास्तव, प्रिया पाण्डेय, डॉ. सुधा मिश्रा, डॉ. रिचा कौशिक, प्रियंका गुप्ता, सिद्धिश्री, शीला मिश्रा, सरिता यादव, कनिष्का रफेल सहित अन्य महिलाएं शामिल रहीं।
इस अवसर पर सेवादल की राष्ट्रीय प्रभारी मध्य जोन कल्पना भटनागर उपस्थित रहीं। आयोजन में सुशील तिवारी, सोनू पंडित, अनिल देव त्यागी, लक्ष्मी नरायन दीक्षित एवं सतीश बिन्द ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
जारीकर्ता: प्रियंका गुप्ता, वाइस चेयरमैन, मीडिया विभाग, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी।