आगरा और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र में सपा ने बदले प्रत्याशी आकाश अग्रवाल और संजय त्रिपाठी सपा में शामिल, अखिलेश यादव ने किया प्रत्याशी घोषित

लखनऊ,उजाला सिटी।समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के नेतृत्व एवं पार्टी की नीतियों में आस्था व्यक्त करते हुए आगरा शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद सदस्य आकाश अग्रवाल और गोरखपुर-फैजाबाद शिक्षक क्षेत्र से विधान परिषद के प्रत्याशी रहे संजय त्रिपाठी आज समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए।

अखिलेश यादव ने दोनों नेताओं तथा उनके साथ आए समर्थकों का स्वागत किया। समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय पर आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में आकाश अग्रवाल और संजय त्रिपाठी को पार्टी में शामिल करने के बाद अखिलेश यादव ने आकाश अग्रवाल को प्रकाश चंद्र गुप्ता की जगह आगरा शिक्षक क्षेत्र से तथा संजय त्रिपाठी को कमलेश यादव की जगह गोरखपुर-फैजाबाद खंड शिक्षक क्षेत्र से प्रत्याशी घोषित किया।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के पूर्व में घोषित दोनों प्रत्याशियों प्रकाश चंद्र गुप्ता और कमलेश यादव की सहमति से आज शामिल होने वाले नेताओं को प्रत्याशी घोषित किया गया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सभी कार्यकर्ता और नेता इस चुनाव को अपना चुनाव मानकर लड़ेंगे।

उन्होंने कहा कि आकाश अग्रवाल और संजय त्रिपाठी के साथ समाजवादी पार्टी के शिक्षक एवं स्नातक क्षेत्र के घोषित सभी प्रत्याशियों को पूरी मेहनत से जिताने का काम किया जाएगा। उन्होंने कहा कि आज जिन लोगों ने त्याग किया है, उनका हमेशा सम्मान होगा और जब समय आएगा तो उन्हें सम्मानजनक स्थान दिया जाएगा।