उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
14/11/2026
आरबीआई के पूर्व उप गवर्नर सहित देश के प्रमुख वित्तीय विशेषज्ञ होंगे शामिल
लखनऊ, उजाला सिटी।माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र को अधिक सुदृढ़, पारदर्शी एवं दीर्घकालिक रूप से टिकाऊ बनाने के उद्देश्य से माइक्रोफाइनेंस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (उपमा) द्वारा 16 नवंबर को लखनऊ स्थित होटल ताज में नौवें वार्षिक अधिवेशन का आयोजन किया जाएगा। सम्मेलन में देश के प्रमुख वित्तीय विशेषज्ञ, बैंकिंग क्षेत्र के वरिष्ठ अधिकारी, माइक्रोफाइनेंस संस्थानों के प्रतिनिधि एवं नीति निर्धारक शामिल होंगे। इस दौरान माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र की चुनौतियों, संभावनाओं और भविष्य की दिशा पर चर्चा की जाएगी।
सम्मेलन का मुख्य विषय 'एक स्थायी एवं दीर्घकालिक माइक्रोफाइनेंस व्यवस्था की पुनर्संरचना' निर्धारित किया गया है। इस विषय पर विशेष राउंड टेबल चर्चा एवं परिचर्चा आयोजित होगी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मनोज कुमार सिंह (आईएएस), पूर्व मुख्य सचिव, उत्तर प्रदेश शासन एवं वर्तमान सीईओ, स्टेट ट्रांसफॉर्मेशन कमीशन होंगे। सम्मेलन में मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय रिजर्व बैंक के पूर्व उप गवर्नर एम. राजेश्वर राव तथा भारतीय प्रबंधन संस्थान (आईआईएम), बेंगलुरु के प्रोफेसर एम.एस. श्रीराम शामिल होंगे।
अधिवेशन में विभिन्न माइक्रोफाइनेंस कंपनियों के मुख्य कार्यकारी अधिकारियों के साथ नाबार्ड, भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई), सिडबी, भारतीय स्टेट बैंक तथा बैंक ऑफ बड़ौदा के अधिकारी भी भाग लेंगे।
सम्मेलन में वित्तीय समावेशन को प्रभावी बनाने, ऋण वितरण प्रणाली में पारदर्शिता, संस्थागत उत्तरदायित्व तथा माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र की दीर्घकालिक स्थिरता जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया जाएगा।
उल्लेखनीय है कि माइक्रोफाइनेंस एसोसिएशन ऑफ उत्तर प्रदेश (उपमा) की स्थापना 15 दिसंबर 2013 को हुई थी। वर्तमान में एसोसिएशन से लगभग 22 माइक्रोफाइनेंस संस्थाएं जुड़ी हुई हैं। ये संस्थाएं भारतीय रिजर्व बैंक के नियामकीय प्रावधानों के अंतर्गत आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों, विशेषकर ग्रामीण एवं वंचित समुदायों को उनके निवास स्थान के निकट आजीविका एवं स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने के लिए ऋण सुविधाएं उपलब्ध कराती हैं।
उपमा अपने सदस्य संस्थानों को जिम्मेदार, पारदर्शी एवं स्वस्थ ऋण व्यवस्था अपनाने के लिए प्रोत्साहित करता है। इसके साथ ही आरबीआई के दिशा-निर्देशों का अनुपालन, संस्थागत क्षमता विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों तथा ग्राहकों के बीच डिजिटल एवं वित्तीय साक्षरता बढ़ाने की दिशा में भी कार्य करता है।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में उपमा के सीईओ सुधीर सिन्हा, चेयरमैन एवं कैशपोर माइक्रो क्रेडिट, वाराणसी के एमडी मुकुल जायसवाल, उपाध्यक्ष विरेंद्र शर्मा तथा एसोसिएशन के सदस्य पारस वासनिक एवं निलेश शुक्ल उपस्थित रहे।
उपमा का यह वार्षिक अधिवेशन उत्तर प्रदेश सहित देश के माइक्रोफाइनेंस क्षेत्र के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है। सम्मेलन के माध्यम से आर्थिक रूप से कमजोर वर्गों को सशक्त बनाने, वित्तीय अनुशासन को बढ़ावा देने तथा माइक्रोफाइनेंस संस्थानों की विश्वसनीयता और दीर्घकालिक विकास को मजबूत करने के उपायों पर सार्थक संवाद होगा।