उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
16/11/2026
भूजल संरक्षण, वर्षा जल संचयन और जल निकायों के पुनर्जीवन पर विशेषज्ञों ने दिए सुझाव
लखनऊ, उजाला सिटी। उत्तर प्रदेश भूगर्भ जल विभाग की ओर से सोमवार को मरकरी हॉल, इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान, गोमतीनगर में ‘नगरीय जल सुरक्षा एवं भूजल प्रबंधन’ विषय पर एक दिवसीय कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में तेजी से बढ़ते शहरीकरण, जल की बढ़ती मांग, वर्षा के बदलते स्वरूप और भूजल संसाधनों पर बढ़ते दबाव के बीच नगरीय क्षेत्रों में सतत जल प्रबंधन की रणनीतियों पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में कृषि उत्पादन आयुक्त एवं अपर मुख्य सचिव, नमामि गंगे तथा ग्रामीण जलापूर्ति विभाग, उत्तर प्रदेश शासन अनुराग श्रीवास्तव, प्रबंध निदेशक जल निगम (ग्रामीण) अमित कुमार सिंह, पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय (ग्राम जखनी, बांदा) तथा केन्द्रीय भूजल बोर्ड के क्षेत्रीय निदेशक अनादी गायन सहित विभिन्न विभागों, तकनीकी संस्थानों और विशेषज्ञ संस्थाओं के प्रतिनिधियों ने सहभागिता की। कार्यशाला का आयोजन भूगर्भ जल विभाग के निदेशक डॉ. राजेश कुमार प्रजापति के मार्गदर्शन में किया गया।
कार्यशाला को संबोधित करते हुए अनुराग श्रीवास्तव ने कहा कि नगरीय जल सुरक्षा केवल जलापूर्ति अथवा भूजल विभाग तक सीमित विषय नहीं है, बल्कि यह नगर नियोजन, भवन निर्माण, जल निकासी, सीवरेज, पर्यावरण, सार्वजनिक स्वास्थ्य और नागरिक व्यवहार से भी जुड़ा है। उन्होंने विभागों के बीच समन्वय, विश्वसनीय आंकड़ों के आधार पर निर्णय, जल बजट, मांग प्रबंधन और स्पष्ट प्रदर्शन संकेतकों के माध्यम से जवाबदेही सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने लखनऊ की भूजल स्थिति का उल्लेख करते हुए बताया कि वर्ष 2025 में लखनऊ नगरीय क्षेत्र की भूजल दोहन दर 128.03 प्रतिशत आकलित की गई, जबकि वर्ष 2020 में यह 142.5 प्रतिशत थी। दोहन दर में कमी के बावजूद इसका 100 प्रतिशत से अधिक बने रहना भूजल संरक्षण के लिए निरंतर प्रयासों की आवश्यकता को दर्शाता है।
अमित कुमार सिंह ने जलस्तर, भूजल गुणवत्ता, निकासी, वर्षा, सतही अपवाह और पुनर्भरण की नियमित एवं सूक्ष्म निगरानी पर जोर दिया। उन्होंने DWLR, पीजोमीटर और डिजिटल प्रणालियों के उपयोग को मजबूत करने की आवश्यकता बताई।
पद्मश्री उमाशंकर पाण्डेय ने कहा कि जल संरक्षण के लिए जनसहभागिता को बढ़ावा देना जरूरी है। उन्होंने जल संरक्षण को शिक्षा का हिस्सा बनाने तथा देश में जल विश्वविद्यालयों और जल संग्रहालयों की स्थापना का सुझाव दिया। उन्होंने ग्राम जखनी, बांदा में सामुदायिक सहभागिता से किए गए जल संरक्षण के प्रयासों के अनुभव भी साझा किए।
कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन, अतिथियों के स्वागत और श्रेया संगीत संस्थान की ओर से भूजल संरक्षण पर आधारित संगीतमय प्रस्तुति के साथ हुआ।
तकनीकी सत्र में भूगर्भ जल विभाग के अधिशासी अभियंता अनुपम ने उत्तर प्रदेश एवं नगरीय क्षेत्रों में भूजल की वर्तमान स्थिति और चुनौतियों पर प्रस्तुतीकरण दिया। बीबीएयू के प्रोफेसर वेंकटेश दत्ता ने नदी संवर्धन में भूजल की भूमिका, श्री रामस्वरूप मेमोरियल यूनिवर्सिटी के प्रोफेसर डॉ. अभिषेक सक्सेना ने भूजल गुणवत्ता, उसके दुष्परिणाम और प्रभावी उपायों पर विचार रखे। वहीं, केन्द्रीय भूजल बोर्ड, लखनऊ के वैज्ञानिक एबादुर रहमान ने नगरीय क्षेत्रों में भूजल पुनर्भरण के वैज्ञानिक उपायों की जानकारी दी।
इसके अतिरिक्त लखनऊ विकास प्राधिकरण की ओर से नगरीय जल निकायों के पुनर्जीवन एवं वर्षा जल संचयन तथा स्टेट मिशन फॉर क्लीन गंगा के मिथिलेश कुमार मिश्रा ने उत्तर प्रदेश में उपचारित जल के सुरक्षित पुनः उपयोग और नगरीय नदी प्रबंधन योजना पर प्रस्तुतीकरण दिया।
कार्यशाला में वर्षा जल संचयन, जल निकायों के संरक्षण एवं पुनर्जीवन, वैज्ञानिक भूजल पुनर्भरण और उपचारित जल के पुनः उपयोग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। साथ ही इस बात पर जोर दिया गया कि नगरीय जल सुरक्षा के लिए नगर निगम, विकास प्राधिकरण, जलकल एवं जल निगम, सिंचाई विभाग, प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े विभागों तथा भूगर्भ जल विभाग को साझा कार्ययोजना के तहत मिलकर काम करना होगा।
कार्यशाला में भवनों में वर्षा जल संचयन प्रणालियों की कार्यशीलता, जल निकायों का सीमांकन एवं पुनर्जीवन, जलापूर्ति में रिसाव नियंत्रण, उपचारित जल का पुनः उपयोग तथा भूजल के विनियमित उपयोग जैसे मापनीय संकेतकों के आधार पर नियमित समीक्षा की आवश्यकता भी रेखांकित की गई।
कार्यक्रम का समापन भूगर्भ जल विभाग के निदेशक डॉ. राजेश कुमार प्रजापति के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।