ओबीसी अधिकारों, सामाजिक न्याय और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर कांग्रेस की अहम बैठक, दिसंबर में प्रदेश स्तरीय सम्मेलन

लखनऊ, उजाला सिटी। उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के पिछड़ा वर्ग विभाग की ओर से आज गैलेक्सी ग्रैंड होटल, लखनऊ में अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी पिछड़ा वर्ग विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अनिल जय हिंद की उपस्थिति में पिछड़ा वर्ग विभाग सलाहकार समिति एवं चुनाव संचालन समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में ओबीसी समाज के अधिकारों, सामाजिक न्याय, संगठन विस्तार और आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

बैठक के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में प्रमुख निर्णयों एवं आगामी कार्ययोजना को साझा किया गया। इसमें प्रयागराज के बसवार से बलिया के मांझी घाट तक निकाली गई नदी अधिकार यात्रा के मुद्दों को मजबूती से उठाने पर जोर दिया गया। गंगा-यमुना सहित नदियों के किनारे रहने वाले निषाद, कश्यप, बिंद, मल्लाह एवं अन्य नदी आश्रित समुदायों के जल, बालू और मत्स्य पालन जैसे प्राकृतिक संसाधनों पर अधिकार सुनिश्चित करने की मांग दोहराई गई।

बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर प्रभावी रणनीति तैयार करने, बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, कार्यकर्ताओं के सशक्तिकरण तथा पिछड़े वर्गों के संवैधानिक अधिकार, उचित भागीदारी और सामाजिक न्याय की आवाज जन-जन तक पहुंचाने पर चर्चा हुई। अति पिछड़े वर्गों के लिए एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम की तर्ज पर ओबीसी अत्याचार निवारण कानून बनाने तथा जाति जनगणना में ओबीसी कॉलम जोड़ने और जातियों की ड्रॉप डाउन सूची उपलब्ध कराने की मांग भी उठाई गई।

ओबीसी कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनोज यादव ने कहा कि भाजपा प्रदेशभर में दलितों और पिछड़ों के अधिकारों का हनन कर रही है। सामाजिक एवं आर्थिक रूप से इन वर्गों को कमजोर किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि पिछड़े वर्गों के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़नी होगी। आगामी विधानसभा चुनाव में भाजपा को हराकर आरक्षण, शिक्षा और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ओबीसी समाज एकजुट होकर संघर्ष करेगा।

मुख्य अतिथि डॉ. अनिल जय हिंद ने कहा कि सामाजिक न्याय की लड़ाई पीढ़ियों से जारी है और ओबीसी समाज की यह लड़ाई लंबी जरूर है, लेकिन जीत निश्चित होगी। उन्होंने भाजपा पर मनुवादी एवं सामंतवादी सोच के जरिए ओबीसी समाज के शोषण का आरोप लगाया। उन्होंने बताया कि इन्हीं मुद्दों को लेकर राहुल गांधी जल्द उत्तर प्रदेश में सम्मेलन करेंगे। दिसंबर में पिछड़ा समाज का सम्मेलन तथा बुनकर एवं दस्तकार समाज का अलग सम्मेलन आयोजित किया जाएगा।

सीएलपी लीडर वीरेंद्र चौधरी ने संगठन को मजबूत बनाने और आगामी विधानसभा चुनाव में टिकट वितरण के दौरान ओबीसी समाज की भागीदारी सुनिश्चित करने को लेकर एडवाइजरी काउंसिल एवं इलेक्शन कंपेन स्टीयरिंग कमेटी के सदस्यों को आश्वस्त किया।

बैठक में सीएलपी लीडर वीरेंद्र चौधरी, पूर्व सांसद रवि वर्मा, प्रदेश उपाध्यक्ष देवेंद्र निषाद, तरुण पटेल, प्रतिभा अटल पाल, राहुल राय प्रजापति, हीरा ठाकुर, कैलाश चौहान, ओम प्रकाश महतो, डॉ. राजकुमार मौर्य, जितेंद्र पटेल, सूर्यकेश विश्वकर्मा, ममता राजपूत लोधी, सुभाष पाल, विनोद पाल, अविनाश राजभर, विजय पाल चौधरी, अजीत वर्मा सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।