भाजपा सरकार में शिक्षा-परीक्षा व्यवस्था ध्वस्त, किसानों और नौजवानों को भी संकट : अखिलेश यादव

लखनऊ, उजाला सिटी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षा और परीक्षा व्यवस्था ध्वस्त हो गई है। दस साल में उत्तर प्रदेश में सबसे ज्यादा पेपर लीक हुए हैं। भाजपा सरकार ने स्कूली शिक्षा को बर्बाद कर दिया है और सरकारी नौकरियों में भेदभाव हुआ है।

शनिवार को समाजवादी पार्टी प्रदेश मुख्यालय स्थित डॉ. राममनोहर लोहिया सभागार में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में शिक्षा विभाग में गिरोह बन गए हैं। शिक्षकों के साथ भेदभाव और शोषण हुआ है। समाजवादी पार्टी वित्तविहीन शिक्षकों, शिक्षामित्रों की मांगों और पुरानी पेंशन को अपने घोषणा पत्र में शामिल करेगी।

अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य के साथ पुलिस व्यवस्था को भी बर्बाद कर दिया है। उनके मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट ने पिछले दस वर्षों में शासन, प्रशासन और पुलिस के काम का आकलन करने के बाद प्रदेश की पुलिस को लेकर टिप्पणी की है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के इशारे पर पुलिस अन्याय कर रही है। हत्या, लूट और अन्याय की घटनाएं लगातार हो रही हैं। पुलिस को लेकर तमाम शिकायतें सामने आ रही हैं। फर्जी एनकाउंटर, पुलिस हिरासत में मौत, झूठे मुकदमे और लोगों को प्रताड़ित किए जाने के मामले सामने आ रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में किसान, नौजवान और व्यापारी सभी संकट में हैं। किसानों को समय पर खाद, बीज और कीटनाशक नहीं मिल रहे हैं। समाजवादी पार्टी की सरकार में सिंचाई मुफ्त हुई और किसानों को समय पर खाद और बिजली मिलती थी। नेताजी की पहली सरकार में किसानों के 10 हजार रुपये तक के कर्ज माफ किए गए थे। समाजवादी सरकारों में किसानों के हित में फैसले होते थे। आने वाले समय में भी किसानों के हित में काम किए जाएंगे।

अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी के घोषणा पत्र में किसानों, नौजवानों, शिक्षकों, महिलाओं और अन्य वर्गों से जुड़ी कई बातें शामिल होंगी। उन्होंने सवाल किया कि जब बड़े-बड़े पूंजीपतियों का कर्ज माफ हो सकता है तो किसानों को राहत क्यों नहीं मिल सकती।

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की सोच पुरानी है, इसलिए वे छात्रों और नौजवानों को मोबाइल, लैपटॉप और इंटरनेट से दूर रखना चाहते हैं। नई पीढ़ी के नौजवानों की सोच नई है। वे सकारात्मक हैं और विकास चाहते हैं।

अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा के अंडरग्राउंड सुरंगवादी लोग अंदर-अंदर समाज में जहर घोलते हैं। उन्होंने कहा कि छात्र और नौजवान भाजपा के गलत कार्यों और नीतियों का जवाब दे रहे हैं। किसान, छात्र, नौजवान और बेरोजगार भाजपा को सत्ता से हटाने जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार में अस्पतालों को भी इलाज की जरूरत है। अस्पतालों में मरीजों को इलाज नहीं मिल रहा है। भाजपा ने एम्बुलेंस सेवाओं से लेकर अस्पताल तक सब बर्बाद कर दिया है।

अखिलेश यादव ने कार्यकर्ताओं और नेताओं से बूथ स्तर पर तैयारी करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं का पहला और आखिरी लक्ष्य बूथ पर वोटर लिस्ट को ठीक कराना होना चाहिए। सभी अपनी-अपनी वोटर लिस्ट ठीक रखें। उन्होंने बताया कि समाजवादी पार्टी ने कार्यकर्ताओं और नेताओं को हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य दिया है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के 27 हजार वोट बढ़ेंगे और भाजपा के फर्जी वोट कटेंगे तो चुनाव में भाजपा का सफाया हो जाएगा।