ए.पी. सेन कॉलेज में स्वास्थ्य जागरूकता की पहल, निःशुल्क नेत्र शिविर में 100 छात्राओं की हुई आँखों की जाँच

लखनऊ, उजाला सिटी।उन्नत भारत अभियान (IIT कानपुर) के तत्वावधान में ए.पी. सेन मेमोरियल गर्ल्स पी.जी. कॉलेज, लखनऊ में 14 नवम्बर को निःशुल्क नेत्र परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में Sun Eye Care के विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने महाविद्यालय की छात्राओं, शिक्षिकाओं एवं कर्मचारियों के नेत्रों की जाँच की।

कार्यक्रम का आयोजन राष्ट्रीय सेवा योजना, सड़क सुरक्षा एवं हेल्थ क्लब के संयुक्त तत्वावधान में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ महाविद्यालय की प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुआ। इस अवसर पर प्रबंध समिति के सदस्य डॉ. देवाशीष मुखर्जी एवं डॉ. इंद्राशीष मुखर्जी उपस्थित रहे।

शिविर में चिकित्सकों की टीम ने लगभग 100 छात्राओं का नेत्र परीक्षण किया। जाँच के दौरान आवश्यकता के अनुसार निःशुल्क दवाओं का वितरण भी किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य छात्राओं एवं महाविद्यालय के कर्मचारियों को नेत्र स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना तथा समय रहते नेत्र संबंधी समस्याओं की पहचान और उपचार सुनिश्चित करना था।

कार्यक्रम का सफल संयोजन उन्नत भारत अभियान की संयोजिका डॉ. पूजा शुक्ला, राष्ट्रीय सेवा योजना की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. वैशाली अवस्थी एवं हेल्थ क्लब की संयोजिका डॉ. सुमन सिंह ने किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के शिक्षक एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के अंत में प्राचार्या प्रो. रचना श्रीवास्तव ने Sun Eye Care की चिकित्सकीय टीम का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के स्वास्थ्य शिविर छात्राओं के स्वास्थ्य संरक्षण, सर्वांगीण विकास एवं सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।