रायबरेली सड़क हादसे में मृत छात्रा के परिजनों को अखिलेश यादव ने दी 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता

लखनऊ, उजाला सिटी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज समाजवादी पार्टी के प्रदेश मुख्यालय, लखनऊ में रायबरेली में डंपर की टक्कर से हुई सड़क दुर्घटना में मृत छात्रा श्रेया गुप्ता के परिजनों को 5 लाख रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।

अखिलेश यादव ने छात्रा के पिता सुरेश गुप्ता, मां अंशू गुप्ता और चाचा मनोज गुप्ता को 5 लाख रुपये का चेक सौंपा। यह आर्थिक सहायता समाजवादी पार्टी की ओर से तथा प्रदेश सचिव शशिकांत शर्मा, जिलाध्यक्ष इंजीनियर बीरेन्द्र यादव सहित पार्टी के अन्य पदाधिकारियों के अंशदान से एकत्रित की गई।

अखिलेश यादव ने परिवार को भविष्य में भी हरसंभव मदद का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि रायबरेली प्रशासन ने दुर्घटना करने वाले डंपर और उसके मालिक की पहचान अब तक क्यों नहीं की, जबकि गोरखपुर की दुर्घटना में वाहन की पहचान की गई थी। अधिकारियों ने दुर्घटना में शामिल डंपर के खिलाफ एसआईआर क्यों नहीं किया?

उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवार की मांग है कि दुर्घटना में शामिल डंपर की पहचान कर उसके खिलाफ कार्रवाई की जाए।

इस अवसर पर विधायक देवेन्द्र प्रताप सिंह, विधायक राहुल लोधी तथा विधायक श्याम सुन्दर भारती उपस्थित रहे।