उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
23/11/2026
विशेषज्ञों ने शुरुआती पहचान, नियमित जांच और जीवनशैली में बदलाव को बताया जरूरी
लखनऊ, उजाला सिटी। विश्व मधुमेह दिवस 2026 के अवसर पर लखनऊ स्थित एक होटल में मरीज जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। UPISBMR एवं Happy Heart Foundation के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में मधुमेह की रोकथाम, समय पर पहचान, उपचार और संतुलित जीवनशैली के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की गई।
कार्यक्रम में डॉ. सुशील गुप्ता, प्रिंसिपल डायरेक्टर एवं हेड, एंडोक्राइनोलॉजी एवं डायबिटीज, मैक्स हेल्थकेयर तथा एसजीपीजीआईएमएस के पूर्व विभागाध्यक्ष ने कहा कि 40 वर्ष से अधिक आयु के बड़ी संख्या में लोगों को अपने मधुमेह से पीड़ित होने की जानकारी तक नहीं है। देश में लगभग 15 से 20 करोड़ लोग प्री-डायबिटीज की स्थिति में हैं, जबकि 20 से 40 करोड़ लोग मधुमेह से प्रभावित हैं। उन्होंने समय पर जांच, वजन नियंत्रण, नियमित व्यायाम और खानपान में सुधार को मधुमेह नियंत्रण के महत्वपूर्ण उपाय बताया।
डॉ. नकुल सिन्हा, चेयरमैन, कार्डियोलॉजी, मैक्स हेल्थकेयर ने कहा कि मधुमेह से बचाव के लिए जागरूकता और नियमित जांच बेहद जरूरी है। यह बीमारी हृदय और किडनी सहित शरीर के कई अंगों को प्रभावित कर सकती है। समय पर इसकी पहचान न होने से गंभीर जटिलताओं का खतरा बढ़ जाता है।
डॉ. अजय शुक्ला ने चिकित्सा क्षेत्र में विकसित हो रही नई तकनीकों और उपकरणों की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि आधुनिक तकनीक के माध्यम से पूरे सप्ताह रक्त में शुगर के स्तर में होने वाले उतार-चढ़ाव की निगरानी की जा सकती है, जिससे बीमारी को बेहतर तरीके से नियंत्रित करने में मदद मिलती है।
डॉ. चंदा मलिक ने मधुमेह के मरीजों के लिए संतुलित आहार के महत्व पर चर्चा की। उन्होंने खानपान में सावधानी बरतने, उचित खाद्य पदार्थों का चयन करने और छिलके वाली दालों को आहार में शामिल करने की सलाह दी।
डॉ. ज्योति ने कहा कि लोग अपने स्वास्थ्य के प्रति पर्याप्त गंभीरता नहीं दिखाते हैं। अस्पतालों में मरीजों की बढ़ती संख्या के बावजूद स्वास्थ्य जागरूकता की कमी चिंता का विषय है। स्वस्थ शरीर ही तनावमुक्त और बेहतर जीवन का आधार है।
कार्यक्रम में मरीजों और उनके परिजनों को मधुमेह के लक्षणों, जोखिम कारकों, नियमित स्वास्थ्य जांच, संतुलित आहार और शारीरिक सक्रियता के महत्व की जानकारी दी गई। विशेषज्ञों ने कहा कि समय पर जांच, उचित उपचार और जीवनशैली में सकारात्मक बदलाव अपनाकर मधुमेह से होने वाली जटिलताओं को काफी हद तक रोका जा सकता है।