उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
27/11/2026
लखनऊ, उजाला सिटी। संविधान दिवस के अवसर पर समाजवादी पार्टी ने वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर ‘27 का संकल्प’ नाम से PDA प्रणपत्र एवं जन-मन का मेनिफेस्टो 2027 जारी किया। संकल्प पत्र जारी करते हुए पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि PDA के लोग प्रदेश में अपनी सरकार बनाने जा रहे हैं। सरकार बनने पर किसानों, युवाओं, महिलाओं, कर्मचारियों और समाज के सभी वर्गों से किए गए वादों को पूरा किया जाएगा।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी युवाओं के उज्ज्वल भविष्य और सुरक्षित रोजगार के लिए प्रतिबद्ध है। सभी सरकारी विभागों में रिक्त पदों को समयबद्ध और पारदर्शी तरीके से भरा जाएगा। पेपर लीक रोकने के लिए भ्रष्टाचार मुक्त व्यवस्था विकसित की जाएगी। सरकारी भर्तियों का वार्षिक कैलेंडर जारी होगा और परीक्षाएं समय पर आयोजित की जाएंगी। प्रत्येक ग्रेजुएट को रोजगार अथवा नौकरी उपलब्ध कराने का प्रयास किया जाएगा। नौकरी या रोजगार मिलने तक प्रतिमाह 5 हजार रुपये पोषण भत्ता दिया जाएगा। पांच वर्षों में 25 लाख युवाओं को सरकारी नौकरी और 2 से 3 करोड़ युवाओं को अन्य क्षेत्रों में रोजगार देने का लक्ष्य रखा गया है।
उन्होंने कहा कि 12वीं पास छात्र-छात्राओं के लिए लैपटॉप वितरण योजना फिर शुरू की जाएगी। बंद किए गए 26 हजार प्राथमिक विद्यालयों को दोबारा खोला जाएगा। प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालयों में वाई-फाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। शिक्षा पर प्रदेश की जीएसडीपी का 6 प्रतिशत खर्च किया जाएगा। बड़े शहरों में छात्र-छात्राओं के लिए आवासीय छात्रावास बनाए जाएंगे।
PDA प्रणपत्र में जातिगत जनगणना कराने, बुजुर्ग महिला कारीगरों को 40 हजार रुपये सालाना पेंशन देने और PDA, महिलाओं एवं गरीबों के लिए 5 रुपये की थाली वाली समाजवादी कैंटीन खोलने का वादा किया गया है। सरकारी ठेकों और लाभार्थी योजनाओं में गरीब एवं शोषित वर्गों को उनकी आबादी के अनुपात में प्रतिनिधित्व देने की बात कही गई है। अनुसूचित जाति एवं जनजाति के लिए बोर्ड बनाने, बैकलॉग पदों पर विशेष भर्ती अभियान चलाने और दलित उद्यमियों के लिए स्टार्टअप फंड बनाने का भी प्रस्ताव है। 50 करोड़ रुपये तक के सरकारी ठेकों में दलित एवं PDA के लिए 50 प्रतिशत आरक्षण सुनिश्चित करने की बात कही गई है।
किसानों के लिए प्रदेश की सभी 23 फसलों और दूध पर न्यूनतम समर्थन मूल्य की कानूनी गारंटी देने, किसानों की कर्जमाफी और गन्ना किसानों के भुगतान के लिए 15 हजार करोड़ रुपये का कॉर्पस फंड बनाने का वादा किया गया है। गन्ना किसानों को 24 घंटे में भुगतान सुनिश्चित करने, सिंचाई के लिए मुफ्त बिजली और ग्रामीण घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली देने की घोषणा की गई है।
स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में राज्य स्वास्थ्य नीति 2027 लागू करने, सरकारी अस्पतालों में PDA और गरीब वर्गों को मुफ्त इलाज देने तथा सभी 18 मंडलों में सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल स्थापित करने का प्रस्ताव है। ग्रामीण क्षेत्रों में भी पांच सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल बनाए जाएंगे। 108 और 102 एंबुलेंस सेवाओं को उन्नत लाइफ सपोर्ट सिस्टम के साथ मजबूत किया जाएगा। गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले नागरिकों को 10 लाख रुपये का हेल्थ इंश्योरेंस और जिला अस्पतालों का उच्चीकरण करने का वादा किया गया है।
कानून व्यवस्था को लेकर अखिलेश यादव ने कहा कि PDA सरकार अपराध और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगी तथा जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाएगी। प्रदेश में दंगा, माफिया और गुंडागर्दी को पनपने नहीं दिया जाएगा। साइबर अपराध पर नियंत्रण के लिए सभी जिलों में साइबर यूनिट स्थापित की जाएंगी। प्रमुख शहरों में AI तकनीक से ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार किया जाएगा। यूपी पुलिस के रिक्त पदों को भरा जाएगा और नई भर्तियों में महिलाओं को 33 प्रतिशत प्रतिनिधित्व दिया जाएगा। महिला सुरक्षा के लिए 1090 व्यवस्था को फिर मजबूत किया जाएगा।
प्रणपत्र में प्रमुख शहरों को AI एवं IT हब के रूप में विकसित करने, गांवों और शहरों में वाई-फाई जोन बनाने, व्यापार सुरक्षा आयोग गठित करने, सभी तहसील मुख्यालयों को फोरलेन नेटवर्क से जोड़ने और गांवों को पक्की सड़कों से जोड़ने का प्रस्ताव है। राज्य के गांवों, कस्बों और शहरों में 24 घंटे बिजली तथा 10 लाख से अधिक आबादी वाले शहरों में 24 घंटे जलापूर्ति सुनिश्चित करने का भी वादा किया गया है।
कर्मचारियों के लिए 2005 से पहले वाली पुरानी पेंशन व्यवस्था बहाल करने और आउटसोर्सिंग व्यवस्था समाप्त करने की बात कही गई है। महंगाई पर नियंत्रण के लिए प्रमुख शहरों एवं कस्बों में दाम बांधो बाजार खोले जाएंगे। बुनकरों को बिजली आपूर्ति पर सब्सिडी, कारीगरों को सालाना 40 हजार रुपये पेंशन तथा अल्पसंख्यकों की सुरक्षा और कल्याण सुनिश्चित करने का वादा किया गया है। अग्निवीर योजना का विरोध करते हुए शहीदों के लिए पेंशन और उनके बच्चों को मुफ्त शिक्षा देने की घोषणा भी की गई है।
खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रदेश में तीन विश्वस्तरीय स्टेडियम और 10 स्पोर्ट्स कॉलेज बनाने का प्रस्ताव रखा गया है। अधिवक्ता संरक्षण अधिनियम लागू करने तथा युवा अधिवक्ताओं को वजीफा और आर्थिक सहायता देने का भी वादा किया गया है।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी उत्तर प्रदेश को सुख-समृद्धि, धर्मनिरपेक्षता, लोकतांत्रिक मूल्यों, प्रेम, दया और सौहार्द पर आधारित समावेशी राज्य बनाने के लिए संकल्पित है। पार्टी सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय को बिना किसी भेदभाव के सभी के लिए सुनिश्चित करने तथा सामाजिक न्याय का राज स्थापित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
कार्यक्रम को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर शिवपाल सिंह यादव, डिम्पल यादव, सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद हरेन्द्र मलिक, चौधरी इकरा हसन, लालजी वर्मा, माता प्रसाद पाण्डेय, जासमीर अंसारी, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, नरेश उत्तम पटेल, बाबू सिंह कुशवाहा, राजेन्द्र चौधरी और इन्द्रजीत सरोज सहित पार्टी के अनेक नेता एवं पदाधिकारी उपस्थित रहे।