उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
24/11/2026
लखनऊ,उजाला सिटी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल की ओर से व्यापारियों की सुरक्षा, स्वास्थ्य एवं सामाजिक कल्याण से जुड़ी विभिन्न मांगों को लेकर मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक को सौंपा गया।
संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप बंसल के निर्देशानुसार 14 नवंबर को आयोजित प्रदेश कार्यसमिति की बैठक में लिए गए निर्णय के क्रम में 21 एवं 22 नवंबर को प्रदेश के सभी जनपदों में ज्ञापन सौंपने का कार्यक्रम निर्धारित किया गया था। इसी क्रम में लखनऊ महानगर अध्यक्ष सुरेश छाबलानी के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन सौंपकर व्यापारियों की समस्याओं और मांगों से अवगत कराया।
ज्ञापन में प्रमुख रूप से व्यापारियों एवं उनके परिवारों को 10 लाख रुपये तक की कैशलेस इलाज की सुविधा उपलब्ध कराने, मुख्यमंत्री व्यापारी दुर्घटना बीमा योजना की सहायता राशि 10 लाख से बढ़ाकर 20 लाख रुपये करने की मांग की गई।
इसके अलावा आग, प्राकृतिक आपदा अथवा अन्य कारणों से दुकानों के क्षतिग्रस्त होने पर पंजीकरण की अनिवार्यता समाप्त कर तत्काल सरकारी आर्थिक सहायता देने, विधान परिषद में स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन क्षेत्रों की तर्ज पर व्यापारी प्रतिनिधियों को भी प्रतिनिधित्व देने तथा पात्र व्यापारियों को प्राथमिकता के आधार पर शस्त्र लाइसेंस जारी करने की मांग उठाई गई।
संगठन का कहना है कि व्यापारी समाज देश और प्रदेश की अर्थव्यवस्था में महत्वपूर्ण योगदान देता है। रोजगार सृजन से लेकर सरकारी राजस्व में उसकी अहम भूमिका है। ऐसे में व्यापारियों को स्वास्थ्य, दुर्घटना और प्रतिष्ठानों की सुरक्षा के लिए बेहतर सरकारी सुविधाएं मिलनी चाहिए।
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने व्यापारियों के मांग पत्र को मुख्यमंत्री तक पहुंचाने और उचित निर्णय कराने का आश्वासन दिया।
इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के वरिष्ठ उपाध्यक्ष संदीप अग्रवाल, वरिष्ठ महामंत्री राजीव कक्कड़, उपाध्यक्ष विजय प्रकाश अग्रवाल एवं नीरज वर्मा शामिल रहे।