उ.प्र. संगीत नाटक अकादमी और मदर सेवा संस्थान की अनूठी पहल: लखनऊ में निःशुल्क नाट्य कार्यशाला शुरू

लखनऊ,उजाला सिटी । उत्तर प्रदेश संगीत नाटक अकादमी (संस्कृति विभाग, उ.प्र.) और मदर सेवा संस्थान, लखनऊ के संयुक्त तत्वावधान में आज से 'कला संवर्धन' योजना के अंतर्गत 15 दिवसीय निःशुल्क ग्रीष्मकालीन नाट्य कार्यशाला का भव्य शुभारंभ हुआ। यह कार्यशाला बख्शी का तालाब क्षेत्र के कोटवा (वार्ड नं. 10) स्थित 'चबूतरा थियेटर पाठशाला' में आयोजित की जा रही है।

फिल्म अभिनेता महेश चंद्र देवा दे रहे अभिनय के गुर

कार्यशाला में मुख्य प्रशिक्षक के रूप में प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता और युवा रंगकर्मी महेश चंद्र देवा बच्चों को रंगमंच की बारीकियां सिखा रहे हैं। प्रशिक्षण के पहले दिन उन्होंने बच्चों को फेस एक्सप्रेशन (चेहरे के हाव-भाव), संवाद अदायगी (डायलॉग डिलीवरी) और सरगम का गहन अभ्यास कराया। इसके साथ ही, बच्चों के भीतर के संकोच को दूर करने के लिए "सारे के सारे गामा को लेकर गाते चले" और "काहब तो लागि जाई धक से" जैसे गीतों के माध्यम से संगीतमय नाट्य अभ्यास भी कराया गया।

20 नवोदित कलाकार ले रहे हैं प्रशिक्षण

इस ग्रीष्मकालीन शिविर में क्षेत्र के लगभग 20 उत्साही नवोदित कलाकारों ने पंजीकरण कराया है। प्रशिक्षण पाने वाले मुख्य बच्चों में कृष्णा, अनुज, सुमित, अंजली, राजवीर, सुधीर, विशाल, लवकुश, अनुराग, सोनाली और सानिया शामिल हैं।

 

 

 मुख्य आयोजक: उ.प्र. संगीत नाटक अकादमी एवं मदर सेवा संस्थान

 कार्यशाला अवधि: 20 मई 2026 से 03 जून 2026 तक

 समय: प्रतिदिन सुबह 09:00 बजे से 11:00 बजे तक

स्थान: चबूतरा थियेटर पाठशाला, कोटवा, बख्शी का तालाब, लखनऊ

 

यह कार्यशाला आगामी 3 जून तक निरंतर चलेगी, जिसमें बच्चों को अभिनय, मंच संचालन और थियेटर क्राफ्ट की अन्य विधाओं से पूरी तरह परिचित कराया जाएगा। आयोजन समिति ने कला प्रेमियों और स्थानीय नागरिकों को इस अवसर पर आमंत्रित किया है।