उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
30/09/2026
लखनऊ, उजाला सिटी। बलरामपुर गार्डन, अशोक मार्ग में 11 दिवसीय 23वां राष्ट्रीय पुस्तक मेला एक अक्टूबर से शुरू होगा। वंदे मातरम् के 150 वर्षों की थीम को समर्पित इस पुस्तक मेले का उद्घाटन एक अक्टूबर को शाम पांच बजे उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक करेंगे।
मेला स्थल पर आयोजित पत्रकार वार्ता में मेला संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि करीब ढाई दशक पहले शुरू हुए सामूहिक प्रयासों से लखनऊ में पुस्तक मेलों की संस्कृति अब नियमित आयोजन का रूप ले चुकी है। यह केवल पुस्तक मेला नहीं, बल्कि ज्ञान और संस्कृति का उत्सव है। हर वर्ग के पाठकों की रुचियों को ध्यान में रखते हुए देशभर के प्रकाशनों को मेले में शामिल किया जा रहा है।
मेला निदेशक आकर्ष चंदेल ने बताया कि लगभग 75 हजार वर्ग फीट क्षेत्र में आयोजित होने वाले इस मेले में 50 से अधिक प्रतिष्ठित प्रकाशकों के 120 से अधिक स्टॉल होंगे। हिंदी, अंग्रेजी और अन्य क्षेत्रीय भाषाओं में साहित्य, शैक्षणिक पुस्तकें, बाल साहित्य और दुर्लभ पुस्तकों की विविध श्रृंखला यहां उपलब्ध रहेगी। मेले में प्रवेश निशुल्क होगा।
पुस्तक मेला सभी आयु वर्ग के लिए साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र रहेगा। उद्घाटन दिवस पर रतन सिस्टर्स के दल द्वारा नृत्य कार्यक्रम प्रस्तुत किया जाएगा।
मेले में दिल्ली से प्रभात प्रकाशन, अन्बाउंड स्क्रिप्ट, सस्ता साहित्य मंडल, वाणी प्रकाशन, भारतीय ज्ञानपीठ, राजपाल एंड संस, सम्यक प्रकाशन, सामयिक प्रकाशन, वेलायत पब्लिकेशन्स, ग्रीन पाम, फ्लाईड्रीम्स, ईएचएफ लर्निंग, ऋषभ बुक्स, नय्यर बुक, भारतीय कला प्रकाशन, स्टूडेंट बुक सेंटर, यशिका एंटरप्राइजेज, आर्यन बुक, रितेश बुक, बेस्ट बुक, पदम बुक, ज्योति बुक्स, शिवांगी बुक इंटरनेशनल, त्रिदेव बुक्स, परिमल पब्लिकेशन, वर्धमान बुक्स और ऋषि पब्लिकेशन सहित कई प्रकाशकों के स्टॉल होंगे।
नोएडा से मंजुल पब्लिशिंग, सेतु प्रकाशन और रेख्ता पब्लिकेशन्स तथा गाजियाबाद से न्यू बुक और वर्मा बुक के स्टॉल होंगे। अन्य शहरों के प्रकाशनों में लोकभारती प्रकाशन प्रयागराज, उपकार, प्रतियोगिता दर्पण, साहित्य सरोवर, निखिल पब्लिशर्स आगरा, दिनकर पुस्तकालय भागलपुर, ऑथर्स अड्डा, गिडियंस इंटरनेशनल, लिंक लिमिटेड और पैराडाइज बुक कंपनी रायपुर शामिल हैं।
स्थानीय प्रकाशकों में उत्तर प्रदेश हिंदी संस्थान, उत्तर प्रदेश उर्दू अकादमी, रामकृष्ण मठ, ज्ञानार्ची बुक्स, नवपल्लव बुक्स, बोधरस प्रकाशन, आर्य प्रतिनिधि सभा, द इंटेलेक्चुअल्स, उत्तर प्रदेश साहित्य सभा, हिंदी वांग्मय निधि, सत्य मार्ग प्रकाशन, गायत्री ज्ञान मंदिर, हेल्थ केयर सिस्टम्स और देवेंद्र बुक के स्टॉल होंगे।
साहित्यिक मंच पर साहित्यकारों से संवाद, परिचर्चाएं और काव्य गोष्ठियां आयोजित होंगी। रहीस सिंह, रश्मि श्रीवास्तव, करुणा पाण्डेय, संतोष वाल्मीकि, ब्रजेश कुमार मिश्र, विवेक शुक्ला, नीलम राकेश और मनीष शुक्ला सहित अन्य लेखकों की पुस्तकों का विमोचन भी होगा।
बच्चों के लिए कहानी सत्र और विभिन्न प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। स्थानीय लेखकों की पुस्तकों के लिए अलग स्टॉल भी लगाया जाएगा। प्रतिदिन सुबह 11 बजे से रात नौ बजे तक चलने वाले इस पुस्तक मेले में खरीदी गई प्रत्येक पुस्तक पर कम से कम 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।
मेला संयोजक मनोज सिंह चंदेल ने बताया कि यह वार्षिक पुस्तक मेला वर्षों से उत्तर भारत के प्रमुख साहित्यिक आयोजनों में शामिल रहा है। इसका उद्देश्य पठन संस्कृति को बढ़ावा देना तथा प्रकाशकों और लेखकों को अपनी पुस्तकों और रचनात्मक कार्यों को पाठकों तक पहुंचाने के लिए मंच उपलब्ध कराना है।
पुस्तक मेले के सहयोगी संस्थानों में यूपी मेट्रो, रेडियोसिटी, ओरिजिंस, किरण फाउंडेशन, ज्वाइन हैंड्स फाउंडेशन, लोकआंगन, विश्वम् फाउंडेशन्स, विजय स्टूडियो, गोल्डेन ग्रास और कविता किस्से कहानियां शामिल हैं।