उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
29/06/2026
लखनऊ,उजाला सिटी। अखिल भारतीय उद्योग व्यापार मंडल के मुख्यालय, 29-बी विधायक निवास हजरतगंज में 29 जून 'व्यापारी कल्याण दिवस' के अवसर पर एक गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के पदाधिकारियों एवं व्यापारियों ने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा 29 जून को व्यापारी कल्याण दिवस के रूप में मनाए जाने के निर्णय पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार एवं धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस अवसर पर उपस्थित पदाधिकारियों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर शुभकामनाएँ दीं तथा व्यापारी समाज के सम्मान एवं कल्याण के लिए राज्य सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। इस अवसर पर संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष संदीप ने कहा कि व्यापारी समाज राज्य की अर्थव्यवस्था की रीढ़ है और सरकार द्वारा व्यापारियों के सम्मान एवं हितों के लिए उठाए गए कदम स्वागतयोग्य हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि भविष्य में भी व्यापारी हितों की रक्षा एवं व्यापार को प्रोत्साहन देने हेतु ऐसे सकारात्मक निर्णय निरंतर लिए जाते रहेंगे।
कार्यक्रम में प्रमुख रूप से प्रदेश अध्यक्ष रिपन कंसल, जावेद बेग, आकाश गौतम, कजरा निगम, एकता अग्रवाल,वेद रतन श्रीवास्तव, अनुज गौतम, मुकेश नाग,हिना सिराज खान, संजय निधि अग्रवाल,जय मिगलानी,बलजीत मोदी, कार्मेंद्र सिंह सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।