उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
24/09/2026
लखनऊ उजाला सिटी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की पीडीए रथ यात्रा का लखनऊ से रायबरेली तक जगह-जगह भव्य स्वागत हुआ। रायबरेली के राजकीय इंटर कॉलेज द्वितीय मैदान में आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। बारिश और खराब मौसम के बावजूद जुटी भीड़ को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि पूरे प्रदेश में पीडीए की हवा चल रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में जनता अपने वोट के जरिए भाजपा को जवाब देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी सकारात्मक राजनीति कर रही है, जबकि भाजपा नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रही है। जब भाजपा कमजोर पड़ती है तो प्रशासन को आगे कर देती है। उन्होंने कहा कि पीडीए एक सामाजिक आंदोलन है, जिसमें पीड़ित, दुखी और अपमानित लोग लगातार जुड़ रहे हैं।
उन्होंने कहा कि पीडीए संविधान, आरक्षण, लोकतंत्र, हिन्दुस्तानियत और भारतीय संस्कृति की रक्षा के लिए खड़ा है। समाजवादी पार्टी अपने लोगों का अपमान बर्दाश्त नहीं करेगी और सामाजिक भेदभाव के खिलाफ संघर्ष जारी रखेगी।
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर भ्रष्टाचार, बेरोजगारी, महंगाई, पेपर लीक और कानून-व्यवस्था को लेकर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश में युवाओं को रोजगार नहीं मिला, निवेश और उद्योग अपेक्षा के अनुरूप नहीं आए तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित हुई है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं और महिलाओं तथा बेटियों की सुरक्षा को लेकर भी सरकार जवाबदेह है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी पीड़ित वर्गों को न्याय दिलाने के लिए संघर्ष करेगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार ने शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था को नुकसान पहुंचाया है। उन्होंने प्राथमिक विद्यालयों के बंद होने और एम्बुलेंस सेवा से जुड़े मुद्दे भी उठाए। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर जनहित की सेवाओं को फिर मजबूत किया जाएगा।
अयोध्या से जुड़े चंदे और चढ़ावे के मामलों का उल्लेख करते हुए अखिलेश यादव ने भाजपा पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि इन मामलों में जनता की आस्था के साथ खिलवाड़ हुआ है और जनता चुनाव में इसका जवाब देगी। उन्होंने चुनाव आयोग को लेकर भी सवाल उठाए।
2027 के विधानसभा चुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं से उन्होंने हर विधानसभा क्षेत्र में 27 हजार वोट बढ़ाने का लक्ष्य लेकर काम करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रायबरेली की सभी सीटों पर समाजवादी पार्टी को मजबूत करना है। उन्होंने यह भी कहा कि विधानसभा चुनाव में गठबंधन होगा और सीट जीतना उसका आधार होगा।
इससे पहले लखनऊ से रायबरेली की यात्रा के दौरान पीडीए रथ पर सवार अखिलेश यादव का चुरूआ सहित कई स्थानों पर कार्यकर्ताओं और आम जनता ने स्वागत किया। लखनऊ-रायबरेली सीमा पर चुरूआ स्थित हनुमान मंदिर से वह पीडीए रथ पर सवार हुए। सड़क के दोनों ओर बड़ी संख्या में लोग उनके स्वागत के लिए मौजूद रहे। नौजवानों, महिलाओं, छात्रों और पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी कर उनका अभिनंदन किया।
रथ यात्रा में पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेन्द्र चौधरी सहित पार्टी के कई नेता मौजूद रहे। रायबरेली में आयोजित जनसभा में जिलाध्यक्ष इं. वीरेन्द्र यादव, विधायक राहुल लोधी, श्याम सुन्दर भारती सहित पार्टी के नेता, कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।