यूपी 2027 चुनाव: लखनऊ में पोस्टर वॉर, अखिलेश यादव को हनुमान जी का 'विजय भवः' आशीर्वाद दर्शाता नया पोस्टर चर्चा में

लखनऊ,उजाला सिटी | उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों की आहट के साथ ही राजधानी लखनऊ में सियासी सरगर्मियां और पोस्टर वॉर तेज हो चुका है। इसी क्रम में लखनऊ स्थित समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रदेश कार्यालय के बाहर लगा एक नया पोस्टर राजनीतिक गलियारों और सोशल मीडिया पर आकर्षण का केंद्र बना हुआ है।

इस चर्चित पोस्टर में भगवान श्री हनुमान जी, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के सिर पर हाथ रखकर उन्हें आशीर्वाद देते हुए दिखाई दे रहे हैं। पोस्टर पर बड़े और स्पष्ट अक्षरों में "विजय भवः 2027" अंकित है।

इस पोस्टर को सपा में 'यूपी सामाजिक न्याय यात्रा' के प्रभारी संदीप सोनकर द्वारा लगवाया गया है। पोस्टर में अखिलेश यादव के अलावा सपा के संस्थापक व पूर्व मुख्यमंत्री स्वर्गीय मुलायम सिंह यादव तथा मैनपुरी सांसद डिंपल यादव की तस्वीरें भी प्रमुखता से शामिल की गई हैं।

राजनीतिक मायने और 'सॉफ्ट हिंदुत्व' की रणनीति

2027 के विधानसभा चुनाव की बिसात बिछा रहे तमाम राजनीतिक दलों का मुख्य ध्यान धार्मिक और सामाजिक समीकरणों को साधने पर है। सपा कार्यालय के बाहर लगे इस पोस्टर को राजनीतिक जानकार पार्टी की 'सॉफ्ट हिंदुत्व' छवि और धार्मिक प्रतीकों के जरिए बहुसंख्यक मतदाताओं में पैठ बनाने की सोची-समझी रणनीति के रूप में देख रहे हैं।

पोस्टर सामने आते ही उत्तर प्रदेश के सियासी हलकों में हलचल बढ़ गई है और विपक्षी दलों की ओर से भी इस पर प्रतिक्रियाएं आना शुरू हो गई हैं।