उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
23/09/2026
लखनऊ, उजाला सिटी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाते हुए कहा कि चुनाव आयोग कठपुतली की तरह काम कर रहा है और चुनावों में बेईमानी हो रही है। आयोग की निष्पक्षता पर लगातार उठ रहे सवाल लोकतंत्र के लिए बेहद गंभीर और चिंताजनक हैं।
प्रदेश पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि चुनाव आयोग के दो चुनाव आयुक्तों द्वारा मुख्य निर्वाचन आयुक्त के फैसलों के खिलाफ दस महीनों में 14 बार नोट लिखकर आपत्ति दर्ज कराना बेहद गंभीर मामला है। इससे साफ है कि संवैधानिक संस्था के भीतर भी फैसलों को लेकर गंभीर मतभेद हैं। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि स्वतंत्र संवैधानिक संस्था के सदस्य ही अपने तरीके से काम नहीं कर सकते तो लोकतंत्र कैसे मजबूत होगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में संवैधानिक संस्थाओं की निष्पक्षता पर लगातार सवाल उठ रहे हैं। चुनाव आयोग को लोकतंत्र का प्रहरी होना चाहिए, लेकिन उसकी कार्यप्रणाली ही सवालों के घेरे में है। चुनाव आयोग के साथ भाजपा सरकार भी अब जनता के सामने एक्सपोज हो चुकी है।
अखिलेश यादव ने कहा कि 2022 के विधानसभा चुनाव के बाद समाजवादी पार्टी ने सपा समर्थक मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाने के आरोप लगाए थे। पार्टी ने बड़ी संख्या में शपथपत्र और दस्तावेज चुनाव आयोग को दिए, लेकिन किसी अधिकारी पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद मीरापुर, कुंदरकी, कानपुर, करहल, कटेहरी और मिल्कीपुर उपचुनावों में भी धांधली के आरोप सामने आए।
उन्होंने एसआईआर को लेकर भी सवाल उठाते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश में मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए गड़बड़ियों की शिकायतें सामने आईं। लखनऊ में एक व्यक्ति के फर्जी हस्ताक्षर से प्रिंटेड फार्म के जरिए करीब सौ लोगों के वोट काटने की साजिश का आरोप लगाया गया। सुल्तानपुर में भी नंदलाल निषाद के नाम से वोट काटने के प्रयास का मामला सामने आया।
अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि विधानसभा चुनाव की तैयारी के नाम पर ट्रांसफर-पोस्टिंग की जा रही है और मनमाने तरीके से अधिकारियों की तैनाती की जा रही है। उन्होंने कहा कि चुनाव निष्पक्ष तभी हो सकते हैं जब चुनावी प्रक्रिया और प्रशासनिक तंत्र पूरी तरह निष्पक्ष रहे।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिशों का जवाब जनता अपने वोट से देगी। भाजपा सरकार और चुनाव आयोग से जुड़े सवाल अब जनता के बीच पहुंच चुके हैं। उन्होंने कहा कि आने वाले समय में जनता भाजपा को जवाब देगी और यहीं से भाजपा के पतन की शुरुआत होगी।