उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
भदोही
26/03/2026
रिपोर्टर - के के उपाध्याय
गोपीगंज,उजाला सिटी । अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बढ़ते तनाव, खासकर ईरान, इजरायल और अमेरिका के बीच जारी टकराव का असर अब स्थानीय स्तर पर भी दिखाई देने लगा है। कच्चे तेल (क्रूड ऑयल) की कीमतों में लगातार हो रही बढ़ोतरी और आपूर्ति श्रृंखला में आई बाधाओं के कारण कई क्षेत्रों में पेट्रोल और डीजल की किल्लत सामने आ रही है। क्षेत्र के कई पेट्रोल पंपों पर ईंधन की आपूर्ति बाधित होने के कारण पंप बंद पड़े हैं, जबकि कुछ स्थानों पर सीमित मात्रा में ही पेट्रोल-डीजल उपलब्ध कराया जा रहा है। हालात ऐसे हैं कि पंप संचालक एक या दो लीटर तक ही ईंधन देने को मजबूर हैं, जिससे वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। दूर-दराज़ की यात्रा करने वाले लोगों के सामने गंभीर समस्या खड़ी हो गई है। वाहन चालकों का कहना है कि सीमित ईंधन मिलने के कारण वे अपनी मंजिल तक कैसे पहुंचेंगे, यह एक बड़ी चिंता बन गई है। वहीं पेट्रोल पंप कर्मियों का कहना है कि सीमित स्टॉक में उन्हें सभी उपभोक्ताओं को ध्यान में रखते हुए ईंधन वितरण करना पड़ रहा है, जिससे वे भी असहाय महसूस कर रहे हैं। स्थिति को लेकर लोगों में भय का माहौल भी देखने को मिल रहा है। वाहन चालक इस आशंका में अधिक से अधिक ईंधन स्टॉक करने की कोशिश कर रहे हैं कि कहीं आने वाले दिनों में आपूर्ति पूरी तरह ठप न हो जाए या कीमतों में भारी उछाल न आ जाए। विशेषज्ञों का मानना है कि यदि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर तनाव और बढ़ता है, तो इसका सीधा असर कच्चे तेल की कीमतों और देश में ईंधन आपूर्ति पर पड़ सकता है। फिलहाल प्रशासन और तेल कंपनियों की ओर से स्थिति पर नजर बनाए रखने की बात कही जा रही है।