ई-रिक्शा की अव्यवस्था पर निशातगंज व्यापार मंडल सख्त, बैरिकेडिंग और चालान की व्यवस्था

लखनऊ, उजाला सिटी। निशातगंज व्यापार मंडल के तत्वावधान में टीआई प्रमेश कुमार पाठक ने मंगलवार को निशातगंज क्षेत्र का मौका मुआयना किया। इस दौरान व्यापारियों ने क्षेत्र में ई-रिक्शा के बेतरतीब खड़े होने सहित यातायात से जुड़ी समस्याओं से उन्हें अवगत कराया।

टीआई ने ई-रिक्शा के लिए बैरिकेडिंग लगाने की बात कही। उन्होंने व्यापारियों से कहा कि यदि ई-रिक्शा अव्यवस्थित तरीके से खड़े मिलें तो उनका वीडियो बनाकर व्यापार मंडल के समूह में भेजा जाए, ताकि नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के खिलाफ चालान की कार्रवाई की जा सके।
व्यापार मंडल ने कहा कि वह किसी की रोजी-रोटी के खिलाफ नहीं है, लेकिन यातायात व्यवस्था बाधित करने या कानून तोड़ने की अनुमति किसी को नहीं दी जा सकती। व्यापार मंडल ने क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए प्रशासन के साथ सहयोग जारी रखने की बात कही।
इस अवसर पर अध्यक्ष जावेद बेग, महामंत्री विपिन अग्रवाल, वरिष्ठ उपाध्यक्ष अजय वर्मा, उपाध्यक्ष राजेन्द्र खरबंदा, मंत्री मुजीब अहमद, अजय कपूर, शैलेश गोयल, हन्नान, लईक अहमद और अमन वर्मा उपस्थित रहे।