77वें गणतंत्र दिवस को लेकर पुलिस लाइन ज्ञानपुर में भव्य परेड की तैयारियां तेज

रिपोर्टर - के के उपाध्याय 

भदोही,उजाला सिटी। आगामी 26 जनवरी 2026 को मनाए जाने वाले 77वें गणतंत्र दिवस के शुभ अवसर पर प्रति वर्ष की भांति इस वर्ष भी पुलिस लाइन ज्ञानपुर स्थित परेड ग्राउंड में भव्य पुलिस परेड का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को भव्य, अनुशासित एवं एकरूप बनाने के उद्देश्य से जनपदीय पुलिस द्वारा पिछले एक माह से लगातार रिहर्सल परेड का अभ्यास किया जा रहा है।

गणतंत्र दिवस परेड की तैयारियों के क्रम में पुलिस अधीक्षक भदोही अभिमन्यु मांगलिक द्वारा निरंतर रिहर्सल परेड एवं अन्य कार्यक्रमों की तैयारियों का निरीक्षण किया जा रहा है। इसी क्रम में दिनांक 23 जनवरी 2026 को पुलिस अधीक्षक भदोही ने परेड ग्राउंड पहुंचकर रिहर्सल परेड का निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान पुलिस अधीक्षक ने परेड में प्रतिभाग कर रहे अधिकारियों एवं कर्मचारियों की ड्रिल, अनुशासन, समन्वय एवं प्रस्तुति का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने परेड को और अधिक सुव्यवस्थित, आकर्षक एवं गरिमामय बनाने हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।

रिहर्सल परेड के दौरान जनपदीय पुलिस बल द्वारा अनुशासन, समर्पण एवं देशभक्ति की भावना से ओत-प्रोत भव्य प्रदर्शन प्रस्तुत किया गया, जो आगामी गणतंत्र दिवस समारोह की गरिमा को और अधिक ऊंचाइयों तक ले जाने का संकेत देता है।