उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
22/09/2026
हरजिंदर सिंह नगर अध्यक्ष, 12 पदाधिकारी नगर महामंत्री और मनीष जैन कोषाध्यक्ष चुने गए
लखनऊ,उजाला सिटी। उत्तर प्रदेश आदर्श व्यापार मंडल की लखनऊ नगर कार्यकारिणी कमेटी (2026-28) का चुनाव रविवार को सदर बाजार स्थित कबीर इन बैंक्विट हॉल में संपन्न हुआ। संगठन से जुड़े लखनऊ के 160 बाजारों के अध्यक्ष, महामंत्री एवं अन्य पदाधिकारियों की बैठक में 11 सदस्यीय चुनाव प्रभारी कमेटी की देखरेख में कार्यकारिणी का सर्वसम्मति से गठन किया गया।
चुनाव में हरजिंदर सिंह को नगर अध्यक्ष, जबकि राजीव शुक्ला, संजय त्रिवेदी, संजीव जैन, अमित अग्रवाल, आशीष गुप्ता (अंशुल), राजन मिश्रा, मोहित कपूर, नरेश अग्रवाल, विजय साई कपूर, अखिल ग्रोवर, आशीष कुमार गुप्त एवं अन्य पदाधिकारियों को नगर महामंत्री चुना गया। मनीष जैन को कोषाध्यक्ष बनाया गया।
नई कार्यकारिणी में वरिष्ठ उपाध्यक्ष के 65, उपाध्यक्ष के 100, वरिष्ठ संगठन मंत्री के 12, संगठन मंत्री के 30, वरिष्ठ संयुक्त मंत्री के 10, संयुक्त मंत्री के 10, वरिष्ठ मंत्री के 5, मंत्री के 20, प्रचार मंत्री के 5 तथा कार्यकारी समिति सदस्य के 30 पदों पर पदाधिकारियों का चयन किया गया।
प्रदेश अध्यक्ष संजय गुप्ता ने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि संगठन ने राजधानी के एक लाख व्यापारियों को संगठन से जोड़ने का लक्ष्य निर्धारित किया है। उन्होंने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं और उनके हितों से जुड़े मुद्दों को नए एवं आधुनिक तरीके से उठाया जाएगा तथा सकारात्मक सोच और नई संगठनात्मक कार्यशैली के माध्यम से व्यापारियों की समस्याओं के समाधान पर काम किया जाएगा।
संजय गुप्ता ने कहा कि आदर्श व्यापार मंडल अब केवल व्यापारिक संगठन नहीं, बल्कि व्यापारियों का बड़ा परिवार बन चुका है। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों से कहा कि किसी भी व्यापारी की समस्या की जानकारी मिलने पर उसके समाधान के लिए तत्काल मौके पर पहुंचें।
उन्होंने कहा कि संगठन अपने सिद्धांतों से समझौता नहीं करता और सभी पदाधिकारियों को इसी भावना के साथ कार्य करना होगा।
चुनाव प्रभारी कमेटी के सदस्यों मोहम्मद अफजल, अविनाश त्रिपाठी, गुरप्रीत सिंह चड्ढा एवं आसिफ किदवई ने बताया कि नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह अक्टूबर में लखनऊ में आयोजित किया जाएगा।