उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
23/03/2025
लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में सादगी से मनाई गई डॉ0 राममनोहर लोहिया की जयंती
लखनऊ , उजाला सिटी न्यूज़ । समाजवादी आंदोलन के महानायक डॉ0 राममनोहर लोहिया की जयंती आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ सहित प्रदेश के सभी जनपदों में सादगी से मनाई गई। मुख्य कार्यक्रम डॉ0 राम मनोहर लोहिया पार्क गोमती नगर में हुआ। जहां डॉ0 राममनोहर लोहिया की प्रतिमा पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री श्री अखिलेश यादव ने माल्यार्पण कर नमन किया। लखनऊ चौक स्थित लोहिया पार्क और डॉ0 राममनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान गोमती नगर में भी डॉ0 लोहिया की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया गया।
इस अवसर पर श्री अखिलेश यादव ने कहा कि डॉ0 राम मनोहर लोहिया ने हम लोगों को सप्तक्रांति का आंदोलन, अन्याय के खिलाफ लड़ने के लिए समाजवादी सिद्धांत और रास्ता दिया। उन्होंने गैरबराबरी और भेदभाव के खिलाफ लड़ाई लड़ी। आज के दिन हम डॉ0 लोहिया को याद कर रहे हैं। हम समाजवादी लोग उन्हीं के बताये हुए रास्ते पर चल रहे हैं। डॉ0 लोहिया ने हम लोगों को सप्तक्रांति का सिद्धांत और महंगाई के खिलाफ दाम बांधो की नीति दी थी। भाजपा सरकार में महंगाई बढ़ी हुई है। गैरबराबरी है। बेरोजगारी है। किसानों के सामने आर्थिक संकट है। हम लोग डॉ0 राममनोहर लोहिया की सप्तक्रांति और दाम बांधो नीति के साथ उनके दिखाए रास्ते पर चलने का संकल्प लेते है।
अखिलेश यादव ने कहा कि आज के दिन हम डॉ0 लोहिया जी के साथ ही देश के महान क्रांतिकारियों शहीद भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव जी को भी याद करते हैं। आज के दिन उनको फांसी हुई थी। उनको हम नमन करते है। क्रांतिकारियों ने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों को न्यौछावर कर दिया था।