उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
भदोही
03/02/2025
मृतका मानसिक रूप से थी विक्षिप्त, वाराणसी से चल रहा था इलाज
भदोही,उजाला सिटी। चौरी थाना क्षेत्र के सुरहन गांव में स्थित खेत में एक वृद्ध महिला का सोमवार को शव मिला। शव मिलने से गांव में सनसनी फैल गई। हालांकि जानकारी होने के बाद पहुंचे परिजनों ने बताया कि वृद्ध महिला मानसिक रूप से विक्षिप्त थी। जिनका इलाज चल रहा था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
उक्त गांव निवासी सुगिया देवी (68 वर्ष) पत्नी स्व.शीतला प्रसाद भोर के समय अपने घर से लगभग 200 मीटर दूर नहर को पार कर एक खाली पड़े खेत में शौच के लिए गई थी। वहीं सुबह होने के बाद कुछ ग्रामीण जब नित्य क्रिया के लिए बगीचे की तरफ जा रहे थे। तभी खाली पड़े खेत में औंधे मुंह पड़ी वृद्ध पर उनकी नजर पड़ी। महिला मृत अवस्था में पाई गई। जिससे गांव में सनसनी फैल गई। जानकारी होने के बाद मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई। ग्रामीणों द्वारा इसकी जानकारी मृतका के परिजनों को दी गई। वहीं ग्राम प्रधान राजेश कुमार तिवारी ने घटना की सूचना चौरी थाना की पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष रमेश कुमार व उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह मय हमराहियों के साथ मौके पर पहुंचे। सूचना मिलते ही फॉरेंसिक टीम भी मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। थानाध्यक्ष ने बताया कि मौके पर मृतका के परिजन मौजूद मिलें। जिनके द्वारा बताया गया कि मृत महिला लगभग 8-10 वर्ष से मानसिक रूप से विक्षिप्त चल रही थी। जिनका दवा इलाज वाराणसी से चल रहा था। पूर्व में भी वें कुएं में गिर गई थी। मृतका की शरीर पर कोई जाहिरा चोट के निशान नहीं है। परिजनों द्वारा स्वाभाविक मृत्यु बताया जा रहा है।