उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
22/11/2025
लखनऊ,उजाला सिटी। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि कई साल से भाजपा सरकार ने वाराणसी दाल मंडी के व्यापारियों पर संकट पैदा किया है। व्यापारियों की दुकानों को ध्वस्त करना उनके साथ अन्याय और अत्याचार है। यह कोई हिस्ट्री बचाने का या हेरिटेज को बचाने की योजना नहीं है। यह ध्वस्तीकरण राजनीतिक है। भाजपा उस बाजार से चुनाव हारी है, इसीलिए व्यापारियों को परेशान कर रही है। उनका नुकसान कर रही है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और प्रधानमंत्री जी ने वाराणसी को क्योटो बनाने का वादा किया था लेकिन इधर देखा जा रहा है कि सरकार वाराणसी के लोगों को परेशान कर रही है। व्यापार छीन रही है। सरकार अपनी ताकत से लोगों को डरा रही है। भाजपा अपने राजनीतिक योजना को पूरा करने के लिए बांटो और राज करो की नीति अपना रही है।
शुक्रवार कोसमाजवादी प्रदेश कार्यालय लखनऊ में वाराणसी दाल मंडी के पीड़ित व्यापारियों के साथ मुलाकात के बाद आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि हमारी मांग है कि वाराणसी दाल मंडी का राजनीतिक डिमोलिशन रोका जाए। उन्होंने कहा कि दुनिया में तमाम देश हैं जिन्होंने अपनी ऐतिहासिक चीजों और हेरीटेज को बचाते हुए विकास किया है, सुविधाएं दी हैं, जिससे आने वाले पर्यटकों से व्यापार को लाभ हुआ है। उन्होंने कहा कि बीजेपी वाराणसी के दालमंडी वालों को दाल की तरह ना दले। दाल मंडी वाले व्यापारियों और कारोबारियों को संरक्षण और सम्मान दे।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब व्यापारी और कारोबारी तैयार नहीं है तो सरकार उनकी दुकान और व्यापार क्यों छीन रही है। दाल मंडी जैसा मार्केट कोई एक दिन में नहीं बनता है, वहां पर लोग लंबे समय से रह रहे और कारोबार कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि एक दुकान को बनाने और जमाने में वर्षों लग जाते है उजाड़ने मे कुछ पल भी नही लगता है। भाजपा सरकार दुकानों को तोड़कर ध्वस्त कर देना चाहती है। मुआवजे में दूसरी जगह, दुकान मिल सकती है पर ग्राहक और बाजार नही। भाजपा व्यापार और व्यापारी विरोधी है। भाजपा के लोग नकारात्मक हैं। चौड़ीकरण के नाम पर भाजपा अपनी संकीर्ण मानसिकता से साजिश कर रही है। यह भाजपा की संकीर्ण सियासत है। सरकार को किसी की जीविका छीनने का अधिकार किसने दे दिया? भाजपा अधिकारियों के माध्यम से अपनी ताकत का प्रदर्शन कर रही है। अधिकारियों के जरिए दबाव बना रही है, डरा रही है, धमका रही है। भाजपा वाले दूसरों को दुख देना अपनी ताकत का इजहार मानते हैं। लेकिन जब आप दूसरों को तकलीफ दोगे तो कुदरत अपना फैसला करेगी, जीत तो सिकंदर को भी अमर नहीं कर पाई।
अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा का यह अन्याय और अत्याचार अब ज्यादा दिन नहीं चलेगा। इस सरकार ने 9 साल में कोई कार्य नहीं किया है। किसानों नौजवानों व्यापारियों और आम जनता के साथ अन्याय, अत्याचार किया है। उनके हक और अधिकार को छीना है। सरकारी संपत्तियों को बेचा है। लखनऊ में समाजवादी सरकार में बनाए गए माल को सरकार ने बेच दिया।
अखिलेश यादव ने कहा कि उत्तर प्रदेश में आज जितनी भी मेट्रो चल रही है लखनऊ मेट्रो, कानपुर मेट्रो, नोएडा से ग्रेटर नोएडा, आगरा मेट्रो सब समाजवादी पार्टी सरकार की देन है। प्रधानमंत्री के निर्वाचन क्षेत्र वाराणसी में भी मेट्रो के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार में डीपीआर बनाया गया था और 50 करोड़ का बजट भी दिया गया था। मेट्रो का कार्य रोकने वाली भाजपा सरकार है। अगर समाजवादी पार्टी की सरकार होती तो अब तक वाराणसी में मेट्रो चल गई होती। मेट्रो बनने के बाद किसी भी व्यापारी की दुकान या घर को गिराने की नौबत नहीं आती। भाजपा सरकार ने बनारस में मेट्रो और बनारस के विकास को रोका है। उन्होंने कहा कि नालों पर रिवरफ्रंट कहां बनते है? भाजपा ने सपना दिखाया कि मां गंगा को साफ करेंगे। गंगा कहां साफ हुई?
उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में वरुणा नदी पर रिवर फ्रंट बनाकर यातायात को सुधारने की तैयारी हो रही थी, भाजपा सरकार ने उसे भी रोक दिया। समाजवादी सरकार में वरुणा नदी के लिए जो प्रोजेक्ट बना था उससे नदी साफ हो जाती और आने-जाने का रास्ता भी ठीक हो जाता।
अखिलेश यादव ने कहा कि जब अपनी जमीन का मुआवजा लेना था तो खुद जमकर मुआवजा लिया। लेकिन किसानों व्यापारियों और गरीबों की जमीनों का उचित मुआवजा नहीं देते हैं। भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है। भाजपा वर्तमान की बात नहीं करती है लोगों के दुख दर्द को नहीं समझती है। भाजपा के लोग या तो एक हजार साल पहले की बात करते हैं या बहुत आगे की बात करते हैं। अब यह 2047 की बात कर रहे हैं। इनके पास झूठे सपनों के अलावा कुछ नहीं है। सरकार के दबाव में अधिकारी मनमानी कर रहे हैं। अधिकारियों की सब मनमानी नोट हो रही है। समय आने पर इनको जवाब देना पड़ेगा। भाजपा सरकार लोगों को डरा रही है, धमका रही है, झूठे मुकदमे कर रही है, डंडे चला रही है। भाजपा कोई अच्छी चीज नहीं बना सकती है बस जो अच्छी चीजें हैं उन्हें बर्बाद करती रही है। राजधानी लखनऊ में एक भी अच्छी चीज नहीं बनाई और जो अच्छी चीज बनी थी उसे भी बेच दिया।
इस मौके पर वाराणसी दाल मंडी के दुकानदारों ने भी अपनी समस्याओं की जानकारी दी। व्यापारी राहुल, किसन दीक्षित और नीलोफर ने बताया कि यह प्रोजेक्ट व्यापारियों के हित में नहीं है। हम लोग यहां कई पीढ़ी से बसे हुए हैं। यह हेरिटेज जगह है। इसमें बदलाव करना गलत है। इससे बहुत बड़ी संख्या में लोग बर्बाद हो जाएंगे। इस इलाके में छोटे-छोटे दुकानदार हैं, जिनको बड़ा नुकसान हो रहा है।
इस अवसर पर राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरनमय नंदा, सांसद वीरेन्द्र सिंह, प्रदेश अध्यक्ष श्याम लाल पाल, जिलाध्यक्ष सुजीत यादव लक्कड़, महासचिव योगेन्द्र यादव तथा महिला सभा की प्रदेश अध्यक्ष रीबू श्रीवास्तव समेत अन्य कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।