उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
18/07/2026
लखनऊ,उजाला सिटी। सपा बाबा साहब अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय महासचिव रामबाबू भारती सुदर्शन ने बताया समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर पार्टी का प्रतिनिधिमंडल बलिया जिले में अलग-अलग घटनाओं से प्रभावित परिवारों से मिलने पहुंचा। प्रतिनिधिमंडल ने शोक संवेदना व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवारों को हरसंभव न्याय दिलाने का आश्वासन दिया।
प्रतिनिधिमंडल बांसडीह विधानसभा क्षेत्र के रेवती थाना अंतर्गत गायघाट गांव पहुंचा, जहां कथित पुलिस पिटाई में मृतक कामजी गोंड के परिजनों से मुलाकात की। परिजनों ने आरोप लगाया कि दो पक्षों के बीच मारपीट के मामले में पूछताछ के लिए थाने बुलाए गए कामजी गोंड के साथ पुलिस ने मारपीट की, जिससे उनकी मौत हो गई। प्रतिनिधिमंडल में जिलाध्यक्ष एवं फेफना विधायक संग्राम सिंह यादव, अनुसूचित जनजाति प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय अध्यक्ष ब्यास गोंड, समाजवादी अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती, युवजन सभा के प्रदेश अध्यक्ष अरविंद गिरी, बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल, पूर्व ब्लॉक प्रमुख रामेश्वर पांडेय, राष्ट्रीय सचिव मुन्ना गोंड अंचल, प्रदेश सचिव राजेश गोंड, जिला उपाध्यक्ष रामजी गुप्ता सहित बड़ी संख्या में नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे। संग्राम सिंह यादव ने मृतक के परिजनों को एक करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की मांग की।
वही सपा प्रतिनिधिमंडल नगर विधानसभा क्षेत्र के हनुमानगंज ग्रामसभा पहुंचा, जहां कार्य के दौरान विद्युत स्पर्शाघात से 30 वर्षीय राजकुमार गुप्ता की मौत पर परिजनों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त की। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल में संग्राम सिंह यादव, मिठाई लाल भारती, ब्यास जी गोंड, जिला उपाध्यक्ष रामजी गुप्ता, पूर्व चेयरमैन संजय उपाध्याय, पूर्व चेयरमैन लक्ष्मण गुप्ता, प्रदेश सचिव राजेश गोंड, जिला उपाध्यक्ष रामेश्वर पासवान, जिला उपाध्यक्ष रविंद्र यादव, पासवान समाज के जिला संयोजक अमरनाथ पासवान, पूर्व विधानसभा अध्यक्ष अजय यादव सहित अन्य नेता उपस्थित रहे।
सपा अंबेडकर वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मिठाई लाल भारती ने दोनों शोकाकुल परिवारों को न्याय दिलाने तथा हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया। नेताओं ने कहा कि समाजवादी पार्टी हर परिस्थिति में पीड़ित परिवारों के साथ खड़ी है और दोनों मामलों में निष्पक्ष कार्रवाई, दोषियों पर सख्त कार्रवाई तथा पीड़ित परिवारों को उचित आर्थिक सहायता दिलाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।