रेड क्रॉस सोसाइटी भदोही द्वारा गोपीगंज वृद्ध आश्रम में 47 वृद्धों को निःशुल्क चश्मा वितरण

भदोही, उजाला सिटी। इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी भदोही शाखा द्वारा आज गोपीगंज स्थित वृद्ध आश्रम में सेवा कार्य करते हुए 47 वृद्धजनों को निःशुल्क चश्मा प्रदान किया गया। यह चश्मे रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्यों के आर्थिक एवं सामाजिक सहयोग से उपलब्ध कराए गए।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के सचिव डॉ. भारतेंदु द्विवेदी ने कहा कि रेड क्रॉस सदैव मानव सेवा के कार्यों में अग्रणी रहा है। वृद्धजनों की सेवा कर हमें आत्मसंतोष की अनुभूति हो रही है। चश्मा मिलने से अब वृद्धजन बेहतर रूप से देख सकेंगे, क्योंकि नेत्र ज्योति जीवन का एक अत्यंत महत्वपूर्ण अंग है।

चश्मा प्राप्त करने के बाद वृद्धजनों के चेहरों पर प्रसन्नता साफ झलक रही थी। वे बार-बार जयघोष कर अपनी खुशी व्यक्त कर रहे थे।

इस अवसर पर रेड क्रॉस सोसाइटी के कोषाध्यक्ष श्री हरेंद्र प्रताप सिंह ने उपस्थित सदस्यों एवं आर्थिक सहयोग करने वाले सभी सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया।

वृद्ध आश्रम के संयोजक प्रदोष पंडा एवं राजन पंडा ने रेड क्रॉस सोसाइटी के इस सराहनीय सेवा कार्य की भूरी-भूरी प्रशंसा करते हुए संस्था के सदस्यों का आभार जताया।

कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी के सदस्य रमेश चंद्र त्रिपाठी, डॉ. आलोक श्रीवास्तव, मोहम्मद इरशाद खान, अरविंद भट्टाचार्य, सौरभ जायसवाल, माबूद खान, अभय श्रीवास्तव, विनोद कुमार गुप्ता, कमल कुमार गुप्ता सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।