भाजपा राज में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार का बोलबाला - अखिलेश यादव

भाजपा राज में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार का बोलबाला -  अखिलेश यादव 
 
लखनऊ ,उजाला सिटी न्यूज़ । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा राज में ऊपर से नीचे तक भ्रष्टाचार का बोलबाला है। भ्रष्टाचार के सारे रिकॉर्ड टूट चुके है। भाजपा सरकार का कोई काम बिना गोरखधंधे के नहीं होता है।
 
अखिलेश यादव आज समाजवादी पार्टी के राज्य मुख्यालय, लखनऊ के डॉ0 राममनोहर लोहिया सभागार में बड़ी संख्या में एकत्र पार्टी कार्यकर्ताओं को सम्बोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में आईएएस आईपीएस तक संलिप्त हैं। मुख्यमंत्री जी का न कहीं जीरो टॉलरेंस नज़र आ रहा है और नहीं अपराधियों में कोई खौफ दिखाई देता है। सत्ता संरक्षण में चारो तरफ लूट मची है। सूदखोरो की वजह से किसान को मजबूरन आत्महत्या करनी पड़ रही है।
   
यादव ने कहा कि भाजपा सरकार बेईमानो की सरकार है। भाजपा सरकार ने किसानों को धोखा दिया है। बिना पर्याप्त मुआवजा दिए बिना उनकी जमीने छीनी जा रही है। नौजवानों का भविष्य अंधकार में है उनकी रोटी-रोजगार की कोई गारंटी नही है। भाजपा सिर्फ झूठे आश्वासन देना जानती है।
   
अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार में विकास कार्य पूरी ईमानदारी से किए गए थे। मात्र 23 महीने में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे बन गया था। जिस पर मिराज और सुखोई लड़ाकू और माल वाहक विमान उतारे गए थे। पूर्वांचल एक्सप्रेस-वे की भी नींव समाजवादी सरकार में ही रखी गई थी। लखनऊ में मेट्रो रेल समाजवादी सरकार में चली थी।
   
यादव ने कहा कि आगरा-लखनऊ एक्सप्रेस-वे के अलावा और जो भी विकासकार्य समाजवादी सरकार में हुए थे उन सभी कार्यों में पूरी ईमानदारी एवं पारदर्शिता बरती गई थी। समाजवादी सरकार के कामों का उदाहरण आज भी लोग देते हैं।
   
अखिलेश यादव ने कहा कि जो भी पीड़ित है, अत्याचार के शिकार है यही पीडीए है, पीडीए से भाजपा घबराई हुई है। भाजपा सरकार की साख लगातार गिर रही है। जनता का हर वर्ग परेशान है। भाजपा के रहते विकास की कोई उम्मीद नहीं है। महंगाई, भ्रष्टाचार, अन्याय चरम पर है। महंगाई, भ्रष्टाचार से लोगों का जीवन संकट में है। जनता 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा का सफाया करने के लिए संकल्पित है।