राहुल गांधी से सुनील सिंह की मुलाकात, 2027 के चुनावी समीकरणों पर मंथन

लोकदल की सीटों, गठबंधन में भूमिका, पंचायत अधिकार और किसानों के मुद्दों पर हुई चर्चा

नई दिल्ली, उजाला सिटी। लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व एमएलसी सुनील सिंह ने मंगलवार को नई दिल्ली में कांग्रेस नेता एवं लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। करीब हुई इस मुलाकात में 2027 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव की तैयारियों, लोकदल की सीटों और गठबंधन में पार्टी की भूमिका को लेकर चर्चा हुई।
बैठक में विपक्षी दलों के बीच समन्वय और आगामी चुनाव को लेकर राजनीतिक परिस्थितियों पर भी विचार-विमर्श किया गया। लोकदल की ओर से गठबंधन में पार्टी की हिस्सेदारी और राजनीतिक भूमिका से जुड़े मुद्दे रखे गए।
पंचायतों को संवैधानिक अधिकार देने का मुद्दा भी बैठक में प्रमुखता से उठा। 73वें और 74वें संविधान संशोधनों की भावना के अनुरूप पंचायतों एवं स्थानीय निकायों को अधिकार और प्रभावी भूमिका दिए जाने की जरूरत पर चर्चा हुई।
किसानों, ग्रामीण क्षेत्रों, रोजगार, महंगाई और आम जनता से जुड़े मुद्दे भी बातचीत के केंद्र में रहे। बैठक में इन मुद्दों को आगामी राजनीतिक विमर्श में प्रमुखता से उठाने तथा विपक्षी दलों के बीच बेहतर तालमेल की आवश्यकता पर चर्चा की गई।