उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
26/09/2025
लखनऊ, उजाला सिटी न्यूज। ए.पी. सेन मेमोरियल गर्ल्स पी.जी. कॉलेज में सरदार वल्लभभाई पटेल के शताब्दी वर्ष एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस (अंत्योदय दिवस) के उपलक्ष्य में नेशनल यूनिटी टॉक का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का विषय था “पंडित दीनदयाल उपाध्याय और सरदार वल्लभभाई पटेल के सामाजिक-आर्थिक विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता”। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्री अर्जुन द्विवेदी (स्टेट हेड, जीएनएस न्यूज, उत्तर प्रदेश-उत्तराखंड एवं संपादक, मोहनधारा दैनिक समाचार पत्र) तथा मुख्य वक्ता के रूप में डॉ. विजय श्रीवास्तव (प्रोफे, महर्षि यूनिवर्सिटी ऑफ़ इनफॉर्मेशन टेक्नोलॉजी) उपस्थित रहे। डॉ. विजय श्रीवास्तव ने अपने उद्बोधन में बड़े ही सरल शब्दों में सरदार वल्लभभाई पटेल एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जीवन दर्शन की वर्तमान परिप्रेक्ष्य में प्रासंगिकता पर प्रकाश डाला। उन्होंने एकात्म मानववाद, भारतीय ज्ञान परंपरा तथा “वसुधैव कुटुंबकम्” जैसे विचारों को विशेष रूप से रेखांकित किया। पंडित उपाध्याय के आर्थिक चिंतन और नियोजन संबंधी दृष्टिकोण को उन्होंने गांधीवादी विकेंद्रीकरण से जोड़ते हुए नेहरूवादी आर्थिक नीति से उनके मतभेदों पर भी चर्चा की। श्री द्विवेदी ने इलेक्ट्रॉनिक एवं प्रिंट मीडिया मीडिया की कार्य प्रणाली के संदर्भ में छात्राओं को अवगत कराया।
इस अवसर पर स्वस्थ नारी सशक्त नारी, विषय पर पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें छात्राओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार मिताली को, द्वितीय नीति कनौजिया एवं तृतीय पुरस्कार आंचल को प्रदान किया गया। निर्णायक मंडल के दायित्व का निर्वहन में प्रो निधि सिद्धार्थ एवं प्रो ऊषा पाठक ने किया। कार्यक्रम में महाविद्यालय की सभी शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्राओं की सक्रिय उपस्थिति रही, जिसने आयोजन को सफल बनाया।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. सौम्या त्रिपाठी ने किया, जबकि अतिथियों का स्वागत एवं परिचय डॉ. मोनिका अवस्थी द्वारा तथा धन्यवाद ज्ञापन डॉ. सीमा मिश्रा द्वारा किया गया।