उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
लखनऊ
29/06/2026
वरिष्ठ नागरिकों के लिए निःशुल्क वातानुकूलित विश्राम सुविधा की घोषणा
लखनऊ,उजाला सिटी। आलमबाग स्थित यूवीटी कृष्णा सिनेमाज में शनिवार को स्क्रीन-1 एवं स्क्रीन-2 का भव्य शुभारंभ सांसद एवं उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जगदंबिका पाल ने फीता काटकर किया। इस अवसर पर मुंबई से कुमार आदर्श, हैदराबाद से श्रीनीवास मामिडाला, लखनऊ से ऋषि अरोड़ा, सुमन बागे सहित कई गणमान्य अतिथि एवं यूवीटी सिनेमाज के वरिष्ठ प्रतिनिधि उपस्थित रहे।मुख्य अतिथि जगदंबिका पाल ने कहा कि लखनऊ में विश्वस्तरीय सिनेमा तकनीक और आधुनिक मनोरंजन सुविधाओं का आगमन शहर के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि यूवीटी कृष्णा सिनेमाज की यह पहल राजधानी के मनोरंजन क्षेत्र को नई दिशा प्रदान करेगी। यूवीटी कृष्णा सिनेमाज में अत्याधुनिक प्रोजेक्शन तकनीक, आधुनिक साउंड सिस्टम, डिजिटल टिकटिंग, आरामदायक सीटिंग व्यवस्था तथा प्रीमियम हॉस्पिटैलिटी जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिससे दर्शकों को बेहतर सिनेमाई अनुभव मिलेगा।इस मौके पर यूवीटी कृष्णा सिनेमाज ने "समर कम्युनिटी कम्फर्ट" पहल की भी घोषणा की। इसके तहत भीषण गर्मी को देखते हुए 75 वर्ष एवं उससे अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को निर्धारित समय के दौरान बिना फिल्म टिकट के भी सिनेमा परिसर के पूर्णतः वातानुकूलित वातावरण में निःशुल्क बैठने और विश्राम करने की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। संस्था ने इसे समाज सेवा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताते हुए कहा कि मनोरंजन के साथ सामाजिक दायित्वों का निर्वहन भी उनकी प्राथमिकता है।