'ग्रीन हार्टफुलनेस रन' ने किया हरियाली के प्रति जागरूक

— पर्यावरण संरक्षण से लिए बच्चे, युवा और बुजुर्ग एक साथ दौड़े

 

लखनऊ,उजाला सिटी। पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से आध्यात्मिक संस्थान हार्टफुलनेस द्वारा ग्रीन हार्टफुलनेस रन का आयोजन किया गया। आईआईएम रोड स्थित के संस्था के हरित परिसर में आयोजित इस दौड़ में 300 से करीब बच्चे, युवा और बुजुर्गों ने पूरे जोश के साथ भाग लिया। रन का शुभारंभ पूर्व वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी वाई.एस. चौहान ने हरी झंडी दिखा कर किया। 

पिछले कई वर्षों से इस रन के माध्यम से हर वर्ग को पर्यावरण के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इस क्रम में इस वर्ष की रेस में सुबह से ही लोगों में दौड़ को लेकर भारी उत्साह देखा गया। प्रकृति और पर्यावरण संरक्षण के संदेश के साथ दौड़ का आयोजन किया गया। पर्यावरण संरक्षण की नैतिक जिम्मेदारी को पूरा करने का संकल्प भी इस अवसर पर लिया गया।  

लखनऊ जोनल की कोऑर्डिनेटर शालिनी महरोत्रा ने बताया कि प्रकृति में हरियाली के संरक्षण और विस्तार के प्रति जन जागरूकता के लिए देशभर में ग्रीन हार्टफुलनेस रन का आयोजन किया जा रहा है। संस्था पिछले कई वर्षों से लुप्तप्राय वृक्षों के संरक्षण और संवर्धन के लिए 'फारेस्ट बाइ हार्टफुलनेस' अभियान के अंतर्गत कार्य कर रही है। राजधानी लखनऊ में भी इस अभियान के अंतर्गत योजनाबद्ध ढंग से कार्य किया जा रहा है। इसका परिणाम है कि पूरा हार्टफुनेस कैम्पस हरियाली का संदेश दे रहा है। कैम्पस में 'एक पेड़ मां के नाम' अभियान के तहत भी पौधे लगाए गए हैं। 

इस मौके पर जल संरक्षण के लिए परिसर में नवनिर्मित वाटर हार्वेस्टिंग (वर्षा जल संचयन) रिचार्ज पिट की सैर भी करवायी गयी। परिसर में भूजल स्तर को भी बनाए रखने और जल संकट की चुनौतियों का सामना करने के लिए इसका निर्माण करवाया गया है। दौड़ के बाद विशेष ध्यान सत्र का आयोजन भी किया गया।