मायके जाने को लेकर विवाद के बाद विवाहिता ने फांसी लगाकर दी जान, दहेज प्रताड़ना का आरोप

रिपोर्टर - के के उपाध्याय 

गोपीगंज,उजाला सिटी। थाना क्षेत्र के ग्राम कौलापुर में एक विवाहिता द्वारा फांसी लगाकर आत्महत्या किए जाने का मामला प्रकाश में आया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार कौलापुर निवासी नीलम माली (25), पत्नी ओमप्रकाश माली ने अपने घर के कमरे में साड़ी का फंदा बनाकर एंगल से लटककर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। बताया जाता है कि घटना से पूर्व पति-पत्नी के बीच मायके जाने को लेकर विवाद हुआ था। पति, जो फूल-माला बेचने का कार्य करता है, ने नवरात्रि के बाद मायके भेजने की बात कही थी, जिससे आहत होकर नीलम ने यह कदम उठा लिया।

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और सीमेंटेड टीन की छत को काटकर कमरे में प्रवेश किया। इसके बाद शव को नीचे उतारकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। मृतका की शादी मई 2020 में हुई थी और उसका तीन वर्ष का एक पुत्र भी है। वहीं मृतका के पिता ने दहेज प्रताड़ना का आरोप लगाते हुए बताया कि शादी के बाद से ही एक लाख रुपये और सोने की सिकड़ी की मांग को लेकर उनकी पुत्री को प्रताड़ित किया जाता था। सूचना मिलने पर जब वह मौके पर पहुंचे तो दामाद और उसकी मां घर से फरार मिले। उन्होंने थाने में लिखित तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है। घटना के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।