उजाला सिटी न्यूज़
उत्तर प्रदेश
भदोही
09/02/2025
संवाददाता - सुभाष उपाध्याय (उजाला सिटी)
तिराहे पर सड़क सकरा होने व बेतरतीब ढंग से वाहनों को लेकर निकलने से उत्पन्न होती है यहां पर जाम की समस्या
भदोही, उजाला सिटी न्यूज़। नगर के लिप्पन तिराहा पर प्रतिदिन जाम की समस्या बनी रहती है। जिसके चलते आम आदमी का इस सड़क पर चलना मुश्किल सा हो गया है। इसका मुख्य कारण कुछ और नहीं बल्कि गलत तरीके से लोगों द्वारा अपने वाहनों को लेकर निकलना, तिराहे का सकरा होना व ओवरब्रिज का सर्विस लेन का भी सकरा होना है। इसी वजह से ही वहां पर जाम की समस्या बनी रहती है। प्रतिदिन भीषण जाम में फंसकर लोग हलकान और परेशान हो रहे हैं।
दरअसल अगर देखा जाए तो लिप्पन तिराहा पर जाम की सबसे बड़ी समस्या सड़क सकरा होना है। सड़क वाहनों के दबाव को बर्दाश्त नहीं कर पा रही है। 5-10 की संख्या में एक साथ वाहनों के अपने-सामने आ जाने के बाद उसमें से एकाध-दो जल्दी निकलने के चक्कर में अपने वाहनों को आड़े-तिरछे लगा लेते हैं या फिर कुछ गलत लेन में घुसकर सामने वाले वाहनों का मार्ग अवरूद्ध कर देते हैं। इसके कारण भी प्रतिदिन जाम की समस्या उत्पन हो जाती हैं। जिससे जाम के झाम में फंसकर लोग हलकान और परेशान होते हैं। इससे स्टेशन रोड पर तो काफी दूर तक जाम लग जाता है और वाहनों के पहिए रेंगने पर विवश हो जाते हैं। हालांकि वहां पर लगने वाले जाम की समस्या को देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा प्रयास तो किया गया है। पुलिस के साथ ही साथ यातायात पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई जाती है। लेकिन इसके बावजूद भी हालात में कोई तब्दीली नहीं आ रही है। इनकी ड्यूटी से इतना तो फायदा है कि जो जाम घंटों-घंटों लगे रहने की समस्या उत्पन्न होती है। उसे इनके द्वारा जल्द ही समाप्त करा दिया जाता है। लेकिन फिर भी जाम में फंसकर लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। यह समस्या तब तक बनी रहेगी। जब तक तिराहे का चौड़ीकरण नहीं हो जाता। साथ ही सर्विस लेन को भी चौड़ा नहीं किया जाता। अगर ऐसा हुआ तो जाम की समस्या समाप्त हो जाएगी।