रोजा, नमाज के जरिए अल्लाह को राजी करने में जुटे मोमिन

इबादत के साथ हो रही है ईद के लिए जमकर कपड़ों की खरीदारी
 
भदोही,उजाला सिटी न्यूज़।  मुकद्दस माह-ए-रमजान में अल्लाह के बंदे रोजा व नमाज के जरिए अल्लाह को राजी करने में जुटे हुए है। बुधवार को रमजान का चौथा रोजा रहा।
मोमिन रोजा अल्लाह की फरमाबरदारी में गुजर रहे हैं। मस्जिदों के साथ ही घरों में जमकर इबादत हो रही है। शाम को इफ्तार के समय रोजेदारों को दस्तरख्वान पर तमाम तरह की नेमत खाने को मिल रही है। इफ्तार के सामानों की खरीदारी के लिए बुधवार को बाजारों में भीड़ रही। इसके साथ ही कपड़ों की भी खरीदारी शुरू हो गई है।
रमजान में अल्लाह के बंदे रोजा रखकर खूब इबादत करने में लगे हुए हैं।‌ जो पाबंदी के साथ पांचों वक्त की नमाज अदा कर रहे हैं। इसके साथ ही उनके द्वारा विशेष नमाज-ए-तरावीह भी पढ़ी जा रही है। वहीं कुरआन-ए-पाक की तिलावत भी की जा रही है। रोजेदार मस्जिदों सहित घरों में भी रहकर इबादत करने में मशगूल हैं। हाथों में तस्बीह और सिर पर टोपी लगाए बच्चे और बड़े सभी अच्छे लग रहे है। औरतें इबादत के साथ घर और बाजार की जिम्मेदारियां बाखूबी अंजाम दे रही है। एक मस्जिद में तरावीह की नमाज मुकम्मल हो गई। अधिकांश मस्जिदों में जारी है। इसके साथ ही मस्जिदों में दीन की बातें बताई जा रही हैं। मुकद्दस माह-ए-रमजान को तीन असरे में बांटा गया है। पहले यानी रहमत के असरे में एक दिन शेष रह गए हैं।जिसके बाद मगफिरत का अशरा शुरू होगा। माह-ए-रमजान में बाजार में भी रौनक है। सदका, फित्रा व जकात की रकम लेने के लिए मदरसे वाले लोगों के घरों पर पहुंचने लगे है। इसी सदका, फित्रा और जकात की रकम से मदरसों के साल भर का निजाम चलेगा। मदरसे में पढ़ने वाले गरीब, यतीम छात्रों के रहन-सहन, खान-पान का खर्च निकलेगा। शाम के समय सेहरी व इफ्तार के सामानों की खरीदारी के लिए बाजार में भारी भीड़ देखी जा रही है। वहीं ईद के लिए कपड़ों की भी खरीदारी शुरू हो गई है। महिलाओं को बाजार में कपड़ों की खरीदारी करते हुए देखा जा सकता है। नगर के अंबरनीम बौलियां में स्थित संजरी मार्केट में महिलाएं कपड़ों की खरीदारी के लिए पहुंच रही है।