अखिलेश यादव के बयान के विरोध में रालोद छात्र सभा ने फूंका पुतला

 
हजरतगंज स्थित जीपीओ के पास प्रदर्शन कर जताया आक्रोश
लखनऊ, उजाला  सिटी  समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री  जयंत चौधरी के संबंध में की गई बयानबाजी के विरोध में राष्ट्रीय लोकदल छात्र सभा के कार्यकर्ताओं ने  राजधानी लखनऊ में जोरदार प्रदर्शन किया। छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे एवं राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने हजरतगंज स्थित जीपीओ के पास अखिलेश यादव का पुतला फूंककर अपना आक्रोश दर्ज कराया।
इस दौरान कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि राजनीतिक विरोध अपनी जगह है, लेकिन व्यक्तिगत टिप्पणी और मर्यादाहीन बयानबाजी स्वीकार नहीं की जाएगी।
रालोद छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे ने कहा, “अखिलेश यादव को राजनीतिक विरोध करने का पूरा अधिकार है, लेकिन राष्ट्रीय लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष  जयंत चौधरी के खिलाफ जिस तरह की बयानबाजी की गई है, वह राजनीतिक मर्यादाओं के अनुरूप नहीं है। जयंत चौधरी  किसानों, युवाओं और सामाजिक न्याय की आवाज को मजबूती से उठाने वाले नेता हैं। छात्र सभा अखिलेश यादव की इस भाषा और बयानबाजी का पुरजोर विरोध करती है।”
उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल का प्रत्येक कार्यकर्ता अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष के सम्मान के लिए मजबूती से खड़ा है। भविष्य में भी यदि इस प्रकार की अमर्यादित बयानबाजी की गई तो छात्र सभा लोकतांत्रिक तरीके से उसका विरोध करेगी।
राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने कहा, “राजनीति में वैचारिक मतभेद हो सकते हैं, लेकिन व्यक्तिगत हमले और अपमानजनक भाषा भारतीय लोकतंत्र की स्वस्थ परंपराओं के अनुरूप नहीं है। अखिलेश यादव को अपने बयान पर आत्ममंथन करना चाहिए। जयंत चौधरी  किसानों, युवाओं और सामाजिक सरोकारों की राजनीति को आगे बढ़ा रहे हैं और उनके सम्मान से किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।”
मयंक त्रिवेदी ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल लोकतांत्रिक मूल्यों और राजनीतिक शुचिता में विश्वास करता है। उन्होंने कहा कि विपक्षी दलों को भी एक-दूसरे के नेताओं के प्रति सम्मानजनक भाषा और राजनीतिक मर्यादा का पालन करना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान मनीष तिवारी, अनुपम वर्मा सहित छात्र सभा एवं राष्ट्रीय लोकदल के बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।