सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की मनी जयंती

सपाइयों ने एमबीएस अस्पताल में बांटे मरीजों में 150 फलों के पैकेट

 

भदोही,उजाला सिटी। समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती मनाई गई। इस अवसर पर सपाइयों ने महाराजा बलवंत सिंह राजकीय चिकित्सालय में 150 मरीजों को फलों के पैकेट वितरित किए। यह कार्यक्रम पार्टी के विधानसभा उपाध्यक्ष राशिद बेग मिंटू के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

इस दौरान सपाइयों ने मुलायम सिंह यादव के चित्र पर माल्यार्पण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके संघर्षों पर चलने का संकल्प लिया। विधानसभा उपाध्यक्ष राशिद बेग मिंटू ने बताया कि मुलायम सिंह यादव का जन्म 22 नवंबर 1939 को उत्तर प्रदेश के इटावा जिले के सैफई गांव में हुआ था। श्री बेग ने कहा कि नेताजी ने डॉ. राममनोहर लोहिया और राजनारायण जैसे दिग्गजों के सानिध्य में अपना राजनीतिक करियर शुरू किया था। उन्होंने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में तीन बार कार्य किया और भारत सरकार में केंद्रीय रक्षा मंत्री का पद भी संभाला। उन्हें पूरे देश में 'नेताजी' के नाम से जाना जाता था।

नगर पंचायत नई बाजार के पूर्व चेयरमैन विजय सोनकर ने कहा कि मुलायम सिंह यादव हमेशा गरीबों, मजदूरों और किसानों के जीवन स्तर को ऊपर उठाने के लिए प्रयासरत रहे। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री के रूप में उन्होंने ऐसे कई निर्णय लिए, जिनसे इन वर्गों को लाभ मिला। वे पिछड़ों, दलितों और अल्पसंख्यकों के हितैषी थे। अधिवक्ता जईम बेग ने कहा कि मुलायम सिंह यादव ने अपने जीवनकाल में गरीबों, किसानों और मजदूरों के हक और अधिकार की लड़ाई लड़ी। उन्होंने समाज के शोषितों और वंचितों के लिए काम किया। वे अपने कार्यकर्ताओं का बहुत सम्मान करते थे और उनके लिए सरकार से भी भिड़ जाते थे। उन्होंने हमेशा संघर्ष की राजनीति की। सभी समाजवादियों को उनके संघर्षों पर चलने का संकल्प लेना चाहिए।

इस मौके पर पूर्व सभासद दानिश सिद्दिकी, सभासद अशरफ अली, टोनी मंसूरी, इबरान खां, हरिश्चंद्र सरोज, अशर खां और इमरान खां सहित कई प्रमुख लोग मौजूद रहे।