समूचे देश को तहस नहस करने में कोई कसर नहीं छोड़ी भाजपा:आराधना मिश्रा

लखनऊ, उजाला सिटी। बीते 7 और 10 वर्षों में उत्तर प्रदेश और देश की भाजपा सरकारों ने अपनी सत्ता की भूख मिटाने को समूचे देश के सामाजिक, राजनैतिक, संवैधानिक और आर्थिक ताने-बाने को तहस-नहस कर दिया है। देश के प्रजातंत्र के लिए आज परीक्षा की घड़ी है, हमारे देश की इस परीक्षा में 19 अप्रैल से 01 जून तक सात प्रश्न पत्र होंगे। जिसमें देश की जनता भाजपा सरकारों का मूल्यांकन करेगी तथा परिणाम 4 जून को आएंगे। यह बातें प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में उत्तर प्रदेश कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा मोना ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए कही। पत्रकार वार्ता में कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता अभय दुबे, उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी मीडिया विभाग के चेयरमैन, पूर्व मंत्री डॉ0 सी0पी0 राय, वाइस चेयरमैन मनीष श्रीवास्तव हिंदवी, वरिष्ठ कांग्रेस नेता द्विजेन्द्र त्रिपाठी, प्रदेश प्रवक्ता अंशू अवस्थी, उत्तर प्रदेश अल्पसंख्यक विभाग कांग्रेस के अध्यक्ष शाहनवाज आलम, सचिन रावत, प्रो0 आर0बी0 बौद्ध आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। आराधना मिश्रा ने कांग्रेस मेनफेस्टो के सात बिंदुओं पर मीडिया के माध्यम से जनता तक अपनी बात पहुंचाने को कहा कि हमारा पूरा विश्वास हैं कि जिन भाजपा सरकारों ने किसान, नौजवान, जवान, बेटियों दलितों, पिछड़ों और पहलवानों सब का अपमान किया हैं, उन्हें देश की जनता इस परीक्षा में फेल करेगी। श्रीमती मोना ने कहा कि इंडिया गठबंधन दल को देश की जनता अव्वल दर्जे में पास करेगी।और इसके लिए सात चरण में सात विषयों पर मूल्यांकन होगा जिनमें बेरोजगारी, महंगाई, किसान, महिला, सीमा सुरक्षा, आर्थिक नीति, सामाजिक न्याय शामिल हैं। उन्होंने भाजपा और मोदी पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा की मोदी और भाजपा ने देश को ठगने में कोई कसर नहीं छोड़ी और कुछ एक पूंजीपतियों को ही मालामाल किया है। उन्होंने कहा की राहुल गाँधी की भारत जोड़ों न्याय यात्रा के बाद कांग्रेस का मेनफेस्टो बना और इसमें सभी वर्गों को ध्यान में रखा गया है।



Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *