बुंदेलखंड पृथक राज्य निर्माण की मांग को लेकर लोकतांत्रिक पार्टी का प्रदर्शन

प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा
अशोक स्तंभ तले प्रदर्शन करते पार्टी पदाधिकारी
राजू त्रिपाठी
बांदा, उजाला सिटी। बुंदेलखंड पृथक राज्य निर्माण की मांग को लेकर बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व डीजीपी सुलखान सिंह ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ अशोक स्तंभ तले प्रदर्शन किया। इसके पूर्व पार्टी कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए रैली भी निकाली। बाद में प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा गया।
बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुलखान सिंह ने प्रधानमंत्री को भेजे गए ज्ञापन में कहा है कि मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश के कुछ जिलों को मिलाकर पृथक बुंदेलखंड राज्य के गठन के लिए तकरीबन चार दशक से भी अधिक समय से विभिन्न आंदोलन होते आ रहे हैं। लेकिन अभी तक हम बुंदेलियों की इच्छा का सम्मान नहीं किया गया। बताया कि बुन्देलखण्ड उत्त्तर प्रदेश एवं मध्य प्रदेश के बीच बंटा हुआ है। बुन्देलखण्ड की अपनी पहचान इन दोनों राज्यों से अलग है। इस क्षेत्र में भौगोलिक, सांस्कृतिक, कृषि, वाणिज्य आदि की अपने में एकरूपता है। यह क्षेत्र महाभारत के चेदि साम्राज्य से लेकर अंग्रेजी शासन तक राजनैतिक क्षेत्र के रूप में रहा है। दुर्भाग्य से कुछ विखंडनकारियों ने इसे विभाजित कर दिया। आजादी के बाद इसे दो हिस्सों में बांटकर अलग कर दिया गया। बुन्देलखण्ड की आर्थिक और विकास संबंधी आवश्यकता मध्यप्रदेश एवं उत्तर प्रदेश के से बिल्कुल भिन्न हैं। राज्य के बजट पर हमारी मांगें राज्यों के हिस्से से प्रतिस्पर्धी होने के कारण हमें हमारी जरूरतों के हिसाब से योजनाएं नहीं मिल पाती हैं। इतने बड़े राज्य में जो राजनैतिक प्रभाव वाले लोग हैं, वही धनाड्य हो पाए। जिसकी वजह से बुन्देलखण्ड उपेक्षा का शिकार हो गया। ज्ञापन में यह भी बताया गया क बुन्देलखंड में पानी की भीषण समस्या है। सरकारों की उपेक्षा के चलते इस पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। मांग की गई कि मध्य प्रदेश ओर उत्तर प्रदेश के निश्चित क्षेत्र को मिलाकर पृथक बुंदेलखंड राज्य सृजित किया जाए। इससे पहले बुंदेलखंड लोकतांत्रिक पार्टी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं ने नगरवासियों को जागरूक करने के लिए नारेबाजी के साथ रैली का आयोजन किया। यह रैली कहचरी स्थित अशोक स्तंभ स्वतंत्रता स्मारक से आंरभ हुई और रोडवेज बस स्टैंड, बंगाली टोला, प्रधान डाकघर, आदर्श बजरंग इंटर कॉलेज, बाबूलाल चौराहा, चौक बाजार, महेश्वरी देवी चौराहा, बलखंडी नाका तिराहा होते हुए अशोक स्तंभ वापस लौटकर संपन्न हो गई। बुंदेलखंड पृथक राज्य निर्माण की मांग को लेकर पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष सुलखान सिंह ने प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *