अतर्रा में पहली बार आयोजित होगी राष्ट्रीय महिला खो-खो लीग प्रतियोगिता

चार दिवसीय महिला प्रतियोगिता में दो सैकड़ा खिलाड़ी करेंगे प्रतिभाग
–अतर्रा के तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल में होगा आयोजन
राजू त्रिपाठी
बांदा। उजाला सिटी। मंडल मुख्यालय के अतर्रा में पहली बार खेलो इंडिया के तहत चार दिवसीय राष्ट्रीय महिला खो-खो लीग प्रतियोगिता 18 जनवरी से शुरू होगी। लीग का आयोजन खेल मंत्रालय के सहयोग से भारतीय खो-खो महासंघ द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता में 12 राज्यों की टीमों के दो सैकड़ा से ज्यादा खिलाड़ी भागीदारी करते हुए अपने दमखम का प्रदर्शन करेंगे।
भागवत प्रसाद मेमोरियल एकेडमी में गुरुवार को प्रेस वार्ता के दौरान मंडलीय क्रीड़ाधिकारी विजय कुमार ने बताया कि खो-खो पारंपरिक भारतीय खेल है, जो प्राचीन भारत से चला आ रहा है। यह भारतीय उपमहाद्वीप में कबड्डी के बाद दूसरा सबसे लोकप्रिय पारंपरिक खेल है। खो-खो आयताकार कोर्ट पर खेला जाता है। यह खेल पूरे दक्षिण एशिया में व्यापक रूप से खेला जाता है। यह भारत और पाकिस्तान में स्कूली बच्चों द्वारा सबसे अधिक खेला जाता है। अल्टीमेट खो-खो की पहली लीग का अगस्त 2022 में भारत में अनावरण किया गया था। खो-खो का प्रदर्शन 1936 के बर्लिन ओलंपिक में अन्य पारंपरिक भारतीय खेलों के साथ किया गया था। यह अब दक्षिण एशियाई खेलों में एक पदक खेल है। अंर्तराष्ट्रीय खो-खो प्रतियोगिताएं भारतीय खो-खो महासंघ और इंग्लैंड के महासंघ जैसे संगठनों के सहयोग से आयोजित की जा चुकी हैं। यह खेल दक्षिण एशियाई प्रवासियों द्वारा विदेशों में फैलाया गया है। इसे खेलो इंडिया जैसे प्रमुख खेल आयोजनों में स्थान दिया गया है। उन्होंने बताया कि खेलो इंडिया के तहत चार दिवसीय सब जूनियर (मध्य क्षेत्र) और सीनियर महिला खो-खो लीग प्रतियोगिता अतर्रा स्थित तथागत ज्ञानस्थली सीनियर सेकेंडरी स्कूल (अतर्रा) में 18 जनवरी से शुरू होगी। लीग का आयोजन खेल मंत्रालय के सहयोग से भारतीय खो-खो महासंघ द्वारा किया जा रहा है। प्रतियोगिता में जूनियर वर्ग में छह व सीनियर में उत्तर प्रदेश,मध्य प्रदेश हरियाणा,पंजाब दिल्ली सहित 12 राज्यों की टीमों के दो सैकड़ा से ज्यादा खिलाड़ी भागीदारी करेंगे। प्रतियोगिता का समापन 21 जनवरी को होगा।एकेडमी के मनोनीत चेयरमैन व आयोजक सचिव अंकित कुशवाहा ने बताया कि यह प्रतियोगिता 13 वर्षो बाद उत्तर प्रदेश व चित्रकूटधाम मंडल मुख्यालय में पहली बार आयोजित हो रही है। कहा कि यह प्रतियोगिता बुंदेलखंड के युवाओं के लिए मील का पत्थर साबित होगी। उप जिलाधिकारी इरफान उल्लाह खान ने बताया कि प्रतियोगिता के लिए जिला मुख्यालय व अतर्रा तहसील से सभी व्यवस्थाएं प्रदान की जाएंगी। इस मौके पर भागवत प्रसाद मेमोरियल इंटर कालेज प्रधानाचार्य राजेंद्र सिंह, निदेशिका संध्या कुशवाहा, भागवत प्रसाद अकादमी प्रधानचार्य वृंदा विजय जिनराल आदि उपस्थित रहे। चेयरमैन शिवशरण कुशवाहा ने सभी का आभार जताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *